scriptचूहों की बढ़ती घुसपैठ ने उड़ाई किसानों की नींद, फसलों को बचाना चुनौती | Patrika News
बारां

चूहों की बढ़ती घुसपैठ ने उड़ाई किसानों की नींद, फसलों को बचाना चुनौती

बारां जिले का हरनावदा कस्बा अफीम की उपज के लिए विख्यात है। इन दिनों यहां के खेतों में अफीम की फसल तेजी से बढ़वार ले रही है। जैसे-जैसे अफीम की फसल बड़ी हो रही है वैसे-वैसे ही फसल के लिए काश्तकारों की चौकसी और कड़ी होती जा रही है।

बारांFeb 01, 2025 / 03:01 pm

Kamlesh Sharma

Opium crop
बारां। जिले का हरनावदा कस्बा अफीम की उपज के लिए विख्यात है। इन दिनों यहां के खेतों में अफीम की फसल तेजी से बढ़वार ले रही है। जैसे-जैसे अफीम की फसल बड़ी हो रही है वैसे-वैसे ही फसल के लिए काश्तकारों की चौकसी और कड़ी होती जा रही है। तेज हवा से होने वाले सबसे बडे़ नुकसान से बचाव के लिए काश्तकार लकड़ियों के साथ रस्सियों का जाल बुन रहे हैं। वहीं पक्षी एवं नशेड़ी चोरों से बचाव के किए जा रहे जतन के बीच इन दिनों घुसपैठिए बने चूहों ने भी किसानों की नींद उड़ाई हुई है। खेतों में सेंध लगाए चूहे अफीम की खड़ी पौध के साथ अन्य फसलों को भी कुतर रहे हैं, इससे फसलों को नुकसान हो रहा है।

खेत में बना लिए सैकड़ों बिल

अफीम काश्तकारों का कहना है कि फसल में फूल व फलाव का दौर शुरु हो गया है। चूहों ने खेतों में सैंकड़ों बिल बना रखे हैं। ये बीच खेतों में खड़ी फसल को नीचे से कुतर रहे हैं। इससे पौधा सूखकर नष्ट हो जाता है। हालांकि अभी अफीम में फूल खिलने के साथ ही डोडे आने लगे हैं। हरे डोडों को चूहे चाव से खाते हैं। काश्तकार महेश नागर ने बताया कि जिन खेतों में चूहे घुस जाते हैं। फिर उन पर किसी दवा या अन्य दूसरे उपाय से भी काबू पाना मुश्किल हो जाता है। चूहों के आतंक से परेशान कडिया निवासी अरविंद भी बाजार में चूहा मारने की दवा या अन्य इंतजाम तलाशता नजर आया। उसने बताया कि चूहे फसल में नुकसान पहुंचा रहे हैं।
यह भी पढ़ें

चित्तौड़गढ़ में अफीम की खेती बनी नारकोटिक्स विभाग की कमाई का जरिया, किसानों से कर रहे काली कमाई

शूकर भी कर रहे फसलों में नुकसान

क्षेत्र में आवारा शूकर भी फसलों में नुकसान पहुंचा रहे हैं। किसानों ने बताया कि सुअर खेतों खेत में घुस कर फसलों को चट कर रहे हैं। अफीम के खेत में घुस जाए तो पौधों को तहस नहस कर देते हैं। सालरखो निवासी वीर लोधा ने बताया कि शूकरों ने उनकी आलू की फसल बर्बाद कर दी है।

Hindi News / Baran / चूहों की बढ़ती घुसपैठ ने उड़ाई किसानों की नींद, फसलों को बचाना चुनौती

ट्रेंडिंग वीडियो

loader
Copyright © 2025 Patrika Group. All Rights Reserved.