बालाघाट. खदान ठेका श्रमिक संगठन ने गुरुवार को मॉयल गेट भरवेली के सामने सांकेतिक प्रदर्शन किया। न्यूनतम वेतनमान सहित अन्य सभी मांगों को पूरा किए जाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने मॉयल गेट से पदयात्रा भी निकाली। जिला मुख्यालय पहुंचकर प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी भी की।
खदान ठेका श्रमिक संगठन ने किया सांकेतिक प्रदर्शन
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि श्रम मंत्रालय भारत सरकार ने सभी ठेका श्रमिकों को न्यूनतम वेतन दिए जाने के आदेश जारी किए है। बावजूद इसके मॉयल भरवेली में कार्यरत ठेका श्रमिकों को इसका लाभ नहीं दिया जा रहा है। श्रमिकों को न तो समय पर भुगतान दिया जाता है और न ही उन्हें पीएफ का लाभ मिल रहा है। इतना ही नहीं ठेकेदार उन्हें काम से निकालने की धमकी भी देते हैं। जिसके कारण ठेका श्रमिक काफी परेशान है। प्रदर्शनकारियों ने ठेकेदारों की मनमानी पर रोक लगाने और श्रमिकों को कैटिगरी के हिसाब से न्यूनतम वेतनमान का लाभ देकर सहित अन्य मांगों को पूरा किए जाने की गुहार लगाई है। ठेका श्रमिकों ने बताया कि उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता है तो मॉयल भरवेली में काम बंद कर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
न्यूनतम वेतनमान सहित अन्य मांगों को किया जाए पूरा
खदान ठेका श्रमिक संगठन महामंत्री रवि कुमार शिववंशी ने बताया कि उनका संगठन श्रमिकों के हित में काम करता है। मॉयल भरवेली में ठेका श्रमिकों के साथ लगातार अन्याय किया जा रहा है। उनका शोषण हो रहा है। मॉयल में 36 से 37 ठेकेदार हैं, जिनके अंडर में बहुत सारे ठेका श्रमिक काम करते हैं। लेकिन उन ठेका श्रमिकों को न्यूनतम वेतनमान भी नहीं दिया जा रहा है। इन सभी समस्याओं को लेकर गुरुवार को सांकेतिक प्रदर्शन किया गया। उन्होंने कहा कि उनकी मांगों को यदि पूरा नहीं किया जाता है तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।