ऐसा क्या मजबूरी की वार्डवासियों ने किया चकाजाम, पढें पूरी खबर
बालाघाट-बैहर मार्ग पर बैहर चौकी में किया प्रदर्शन, करीब दो घंटे तक चलते रहा प्रदर्शन, नगर के वार्ड क्रमांक 04 का मामला


बालाघाट. जल निकासी नहीं होने से पानी घरों में घुसने लगा। आक्रोशित वार्डवासियों ने रविवार को बालाघाट-बैहर मार्ग पर वार्ड क्रमांक 4 बैहर चौकी में चकाजाम कर दिया। प्रदर्शन करीब दो घंटे तक चलते रहा। प्रशासन की समझाइश के बाद आक्रोशित वार्डवासियों ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया। मामला नगर के वार्ड क्रमांक 4 का है।
नगरीय क्षेत्र बालाघाट के वार्ड क्रमांक 4 में जल निकासी की समस्या वर्षों से बनी हुई है। बीते दो दिनों से रुक-रुककर हो रही तेज बारिश से यह वार्ड टापू में तब्दील हो गया। बारिश का पानी लोगों के घरों में घुसने लगा। वार्डवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वार्डवासियों का आक्रोश 9 जुलाई को फूटकर सडक़ पर आ गया। बालाघाट-बैहर मार्ग पर बैहर चौकी में वार्डवासियों ने बेरिगेट्स लगाकर चकाजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने वार्ड पार्षद सहित नगर पालिका के कार्यों पर भी नाराजगी जाहिर की। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने समझाने का प्रयास किया। लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने। बालाघाट एसडीएम गोपाल सोनी ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। समस्या का निराकरण किए जाने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन को समाप्त करने की बात कही। बाद में प्रदर्शनकारियों ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया।
सडक़ में डेढ़ से दो फिट था पानी
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि इस वार्ड में प्रतिवर्ष जल भराव की समस्या होती है। नगर पालिका इस समस्या का स्थायी निराकरण नहीं कर रही है। नीचला इलाका होने के कारण पानी सीधे घरों में घुस जाता है। शनिवार-रविवार को हुई बारिश से वार्ड में करीब डेढ़ से दो फिट तक पानी हो गया। घरों में आधा फिट पानी हो गया था। घरों में पानी घुसने से गृहस्थी का सामान भी खराब हुआ। लोगों की रात्रि की नींद खराब हो गई। स्कूली बच्चों को आवागमन में दिक्कतें होती है। प्रशासन को प्रतिवर्ष समस्या से अवगत कराया जाता है, लेकिन आज तक इसका स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।
राहगीर होते रहे परेशान
वार्डवासियों के चकाजाम प्रदर्शन से राहगीर भी काफी परेशान होते रहे। दरअसल, प्रदर्शन स्थल पर वार्डवासियों ने बेरिकेट्स लगा दिया था। जिसके कारण कोई भी आवागमन नहीं कर पा रहा था। प्रदर्शन चलने तक बेरिकेट्स लगे रहे। पुलिस के हस्तक्षेप के चलते बेरिकेट्स हटाए गए। इसके बाद आवागमन प्रारंभ हुआ।
वाहनों के थमे रहे पहिए
प्रदर्शन के दौरान वाहनों के पहिए थमे रहे। प्रदर्शन स्थल के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई थी। प्रदर्शन होने तक वाहन चालक परेशान होते रहे। लोग समय पर अपने गंतव्य स्थल तक नहीं पहुंच पाए।
इनका कहना है
शनिवार की रात्रि से घर के भीतर पूरा पानी घुस गया। बेडरुम से लेकर किचनरुम तक पानी ही पानी था। पूरा परिवार रात्रि में सो नहीं पाया। प्रतिवर्ष जल भराव की समस्या होती है। नगर पालिका इसका निराकरण नहीं कर पा रही है।
-चेतन बावने, वार्डवासी
वार्ड से जल निकासी नहीं होने की समस्या हर साल उत्पन्न होती है। जल भराव होने से लोगोंं को आवागमन में दिक्कतें होती है। घरों में पानी घुस जाता है। घरों से बाहर निकलना दूभर हो जाता है। नगर पालिका भी जल निकासी के लिए स्थायी इंतजाम नहीं कर रही है।
-कृष्ण कुमार पांचे, वार्डवासी
प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी गई। धरना प्रदर्शन समाप्त कर आवागमन को शुरु किया गया। जल निकासी की व्यवस्था की जा रही है। पूर्व में जो नालियां बनाई गई है, उसमें नियमों का पालन नहीं किया गया है। इस मामले में कार्रवाई की जाएगी।
-गोपाल सोनी, एसडीएम बालाघाट
नगर पालिका ने इस वर्ष जल निकासी के लिए प्रयास किए थे। पोकलेन मशीन से बड़े नाले का निर्माण किया गया था। लेकिन अतिवर्षा के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। समस्या को दूर करने के लिए तकनीकी रुप से कार्य किया जाएगा।
-सुरजीत सिंह ठाकुर, नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि
Hindi News / Balaghat / ऐसा क्या मजबूरी की वार्डवासियों ने किया चकाजाम, पढें पूरी खबर