पुलिस-नक्सली मुठभेड़- दो इनामी नक्सली ढेर
डीवीसीएम रैंक की महिला, एसीएम रैंक के पुरुष नक्सली की हुई है मौतदोनों नक्सलियों पर तीनों राज्यों में था 43 लाख रुपए का इनाम

बालाघाट. लांजी थाना क्षेत्र के पितकोना-केरझरी के जंगल में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ सोमवार की रात्रि करीब 9-10 बजे के बीच हुई है। घटना में 43 लाख रुपए के दो इनामी नक्सली मारे गए हैं। जिसमें एक डीवीसीएम रैंक की महिला नक्सली भी शामिल है। दोनों मृत नक्सलियों के पास से एक एके-47 और एक 12 बोर की बंदूक सहित अन्य सामग्री जब्त हुई है। मुठभेड़ में कान्हा भोरमदेव डिवीजन के विस्तार प्लाटून-2 दलम के डीवीसीएम साजंती उर्फ कांति पति सुरेंदर (38) निवासी ग्राम रेगाडम थाना भेज्जी जिला सुकमा छत्तीसगढ़ और मलाजखंड एरिया कमेटी के एसीएम रघु उर्फ शेर सिंह उर्फ सोमजी पंद्रे (52) निवासी दडेकसा चौकी डाबरी जिला बालाघाट की मौत हुई है।
जानकारी के अनुसार साजंती उर्फ कांति पर 29 लाख रुपए का इनाम घोषित था। जिसमें मध्यप्रदेश में 5 लाख, छत्तीसगढ़ में 8 लाख और महाराष्ट्र राज्य में 16 लाख रुपए का इनाम शामिल है। साजंती के खिलाफ मध्यप्रदेश में हत्या, हत्या के प्रयास अपहरण, आगजनी जैसे 24 अपराध दर्ज है। वर्ष 2016 सांजती कान्हा भोरमदेव डिवीजन में सक्रिय थी।
इसी तरह मलाजखंड एरिया कमेटी के एसीएम रघु उर्फ शेर सिंह पर 14 लाख रुपए का इनाम घोषित था। जिसमें मध्यप्रदेश में 3 लाख, छत्तीसगढ़ में 5 लाख और महाराष्ट्र राज्य में 6 लाख रुपए का इनाम शामिल है। रघु के खिलाफ मध्यप्रदेश में 27 अपराध दर्ज है। वर्ष 2000 से रघु मलाजखंड एरिया कमेटी में सक्रिय था।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए आइजी संजय सिंह ने बताया कि लांजी थाना क्षेत्र के अंतर्गत पितकोना-केरझरी के जंगल में जीआरबी डिवीजन के नक्सलियों की होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर एसओजी हॉकफोर्स प्रभारी अजीत ने 1 अप्रेल को सर्च अभियान चलाया। सर्चिंग के दौरान ही घात लगाकर बैठे 20-25 नक्सलियों के समूह ने जवानों पर फायरिंग कर दी। जवानों ने भी जवाबी फायरिंग की। इस दौरान नक्सलियों ने 170 से 200 राउंड और जवानों ने 100 से 130 राउंड फायरिंग की। मुठभेड़ के दौरान करीब 3 से 4 घंटे रुक-रुककर नक्सली फायरिंग करते रहे। मंगलवार की सुबह पुन: सर्च अभियान चलाया गया। इस दौरान दो हार्डकोर नक्सलियों के शव मिले। उन्होंने बताया कि घटना में और भी नक्सलियों के घायल या मृत होने की संभावना है। जंगलों में सर्चिंग अभियान जारी है। महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ राज्य के नक्सल उन्मूलन में लगे जवानों से समन्वय स्थापित कर सर्चिंग की जा रही है। जंगलों में अभी भी सीआरपीएफ, हॉकफोर्स और जिला पुलिस बल के जवान सर्चिंग कर रहे हैं।
पहली बार मिले 2 बीजीएल सेल
आइजी संजय सिंह ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान जवानों ने 2 बीजीएल (बेरेल ग्रेनेड लांचर) भी बरामद किए। बीजीएल पहली बार मिले है। बीजीएल को नक्सलियों ने स्वयं ही तैयार किया है। बीजीएल एक तरह से मोर्टार की तरह होता है।
Hindi News / Balaghat / पुलिस-नक्सली मुठभेड़- दो इनामी नक्सली ढेर