अलीगढ़

भाजपा के इस मंत्री के खिलाफ फेसबुक पर अभियान

भाजयुमो नेताओं ने एएमयू छात्र संघ के पूर्व उपाध्यक्ष नदीम अंसारी के खिलाफ एफआईआर कराई

अलीगढ़Oct 28, 2017 / 02:39 pm

suchita mishra

campaign against minister sandeep singh

अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कैबिनेट में शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह क खिलाफ फेसबुक पर अभियान चलाया गया है। ये काम कर रहे हैं अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) छात्रसंघ के पूर्व उपाध्यक्ष नदीम अंसारी। भारतीय जनता युवा मोर्चा ने उनके खिलाफ सिविल लाइन थाने में प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज कराई है।
क्या है मामला
शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष देवराज सिंह को अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में बुलाया गया था, लेकिन उन्हें अपेक्षित सम्मान नहीं मिला। एएमयू के कुछ छात्रों ने संदीप सिंह को बुलाने का विरोध किया था। बता दें कि संदीप सिंह राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह के पौत्र हैं। जब अय़ोध्या में विवादित ढांचा ढहाया गया था, तब कल्याण सिंह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। इस मामले को लेकर मीडिया में बयानबाजी चल रही थी। शुक्रवार को एएमयू छात्रसंघ के पूर्व उपाध्यक्ष नदीम अंसारी ने उत्तर प्रदेश के शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह व भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष देवराज सिंह की एक आपत्तिजनक फोटो बनाकर अपनी फेसबुक पर डाल दी इस पोस्ट के बाद नया विवाद खड़ा हो गया। यह पोस्ट जब भाजपा नेताओं ने देखी तो आक्रोश व्याप्त हो गया। इस पोस्ट को लेकर फेसबुक भी तमाम तरह कमेंट होने लगे।
इंस्पेक्टर स्वयं विवेचना करेंगे
भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेता डॉ.निशित शर्मा, सौरभ शर्मा, विवेक लोधी, लोकेश सोलंकी, राकेश बघेल, अजय लोधी, हनी दीक्षित आदि ने थाना सिविल लाइन पहुंचकर नदीम अंसारी के खिलाफ तहरीर दी। सिविल लाइंस इंस्पेक्टर जावेद खान स्वयं इस मामले में विवेचना करेंगे।

नदीम ने क्या कहा
नदीम अंसारी का कहना है कि पुलिस अधीक्षक नगर अतुल श्रीवास्तव ने उनसे कहा कि फेसबुक से पोस्ट हटाओ। एसपी सिटी इस पोस्ट को असंवैधानिक बता रहे थे। मैंने पोस्ट नहीं हटाई है। उन्होंने कहा कि हिन्दू युवा वाहिनी ने तीन माह पूर्व हमारे प्यारे नबी की शान में गुस्ताखी की थी, हिन्दू महासभा ने सर सैयद को गद्दार कहा था, क्या यह असंवैधानिक नहीं था। नदीम अंसारी का कहना है कि तीन महीने पहले हिंदू युवा वाहिनी के उपाध्यक्ष द्वारा हमारे प्यारे नबी की शान में गुस्ताखी की गई थी, क्या वो संवैधानिक थी? हिंदू महासभा द्वारा सर सैयद को गद्दार कहा गया, क्या वो संवैधानिक है।
भाजपा ने क्या कहा
भाजपा संवाद प्रकोष्ठ के जिला संयोजक शुभम कुमार गौड़ ने नदीम अंसारी के खिलाफ केंद्रीय जांच एजेंसी से जांच की मांग की है। उनका कहना है कि नदीम अंसारी जैसे लोगों को भारत और उसके संविधान में कोई भरोसा नहीं है। ऐसे लोग इस्लामिक कानून चाहते हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी देवराज सिंह ने भी नदीम अंसारी जैसे छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने फेसबुक पर अशोभनीय पोस्ट की निंदा की।

Hindi News / Aligarh / भाजपा के इस मंत्री के खिलाफ फेसबुक पर अभियान

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.