अजमेर

Rajasthan News-बर्फ फैक्ट्री में मिली युवक की जली हुई लाश

हत्या या हादसा : गेगल रीको एरिया स्थित बर्फ फैक्ट्री में युवक की संदिग्ध हालात में मौत का मामला एफएसएल, एमओबी टीम ने घटनास्थल से उठाए साक्ष्य

अजमेरOct 05, 2024 / 10:49 am

manish Singh

गेगल रीको एरिया स्थित बर्फ फैक्ट्री में शनिवार सुबह मिला युवक का शव।

अजमेर(Ajmer News). गेगल रीको एरिया स्थित बर्फ फैक्ट्री में शनिवार सुबह युवक का शव मिलने से सनसनीफेल गई। प्रारंभिक पड़ताल में युवक की मौत जलने से हुई है। वह किन परिस्थिति में जला पुलिस इसकी पड़ताल में जुटी है। गेगल थाना पुलिस ने मृतक की शिनाख्त के बाद शव जवाहरलाल नेहरू अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
जानकारी अनुसार शनिवार सुबह गेगल रीको एरिया स्थित जय झूलेलाल बर्फ फैक्ट्री से दुर्गंध उठने पर गेगल थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस के पहुंचने पर बंद फैक्ट्री को खोला गया। फैक्ट्री में स्थित एक कमरे में युवक का ओंधे मुंह जला हुआ शव मिला। शव के पास में कागज के कार्टन व चारपाई भी जली हुई मिली। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजमेर ग्रामीण दीपक कुमार शर्मा, सीओ अजमेर ग्रामीण रामचन्द्र चौधरी, थानाधिकारी भवानी सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक युवक की पहचान उत्तर प्रदेश इटावा ओरेया निवासी लवकुश के रूप में की गई।

फैक्ट्री में करता था चौकीदारी

पुलिस की पड़ताल में आया कि मृतक लवकुश बर्फ फैक्ट्री में अकेला सोता था। संभवत: लवकुश यहां चौकीदारी करता था। पुलिस ने मृतक के परिजन को इत्तला दे दी है। वह किन परिस्थितियों में जला व उसकी मृत्यु का क्या कारण रहे है? इन सब सवालों का जवाब शव के पोस्टमार्टम और पुलिस की पड़ताल के बाद ही हो सकेगा।

एफएसएल ने उठाए नमूने

बंद बर्फ फैक्ट्री में युवक का शव मिलने की सूचना पर विधि विज्ञान प्रयोगशाला, पुलिस कार्यप्रणाली शाखा व डॉग स्क्वायर्ड ने घटनास्थल का जायजा लिया। एफएसएल ने घटनास्थल के आसपास से साक्ष्य जुटाए। वहीं डॉग स्क्वायर्ड ने फैक्ट्री के आसपास की तलाशी ली।

इनका कहना है…

गेगल रीको एरिया में बर्फ फैक्ट्री के कमरे में युवक का जला हुआ शव मिला है। मृतक की शिनाख्त लवकुश के रूप में की गई है। मृतक फैक्ट्री में अकेला रहता था। मृत्यु के क्या कारण रहे। पोस्टमार्टम के बाद ही पता चल सकेगा। परिजन को इत्तला दी है।

Hindi News / Ajmer / Rajasthan News-बर्फ फैक्ट्री में मिली युवक की जली हुई लाश

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.