अजमेर

pushkar mela 2017 : पवित्र स्नान के लिए लोगों में लगी होड़ , हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई पुष्कर में आस्था की डुबकी

कार्तिक मास की प्रबोधिनी एकादशी तिथि पर मंगलवार को हजारों श्रद्धालुओं ने पुष्कर सरोवर में आस्था की डुबकी लगाई।

अजमेरNov 01, 2017 / 03:30 pm

सोनम

पुष्कर (अजमेर). कार्तिक मास की प्रबोधिनी एकादशी तिथि पर मंगलवार को हजारों श्रद्धालुओं ने पुष्कर सरोवर में आस्था की डुबकी लगाई। इसी के साथ पुष्कर में पांच दिवसीय धार्मिक मेले का आगाज हो गया। पुष्कर में यह पंचतीर्थ महास्नान कार्तिक मास की पूर्णिमा तक चलेगा।
पहले पंचतीर्थ महास्नान के चलते मंगलवार को सरोवर के घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। रंग-बिरंगी वेशभूषा में ग्रामीण व शहरी स्नानार्थियों से घाटों पर सतरंगी छटा निखर गई। ब्रह्मा मुहूर्त से ही सरोवर में स्नान शुरू हो गया। कुछ ही देर में सभी घाट स्नानार्थियों से अट गए। जिला प्रशासन की ओर से व्यवस्था के लिए अतिरिक्त मजिस्ट्रेट लगाए गए।
आध्यात्मिक पदयात्रा में झलकी समरसतापुष्कर. नगर में मंगलवार सुबह संत-महंतों के सानिध्य में आध्यात्मिक पदयात्रा निकाली गई। इसके चलते जगतपिता ब्रह्मा का पवित्र पुष्कर तीर्थं आध्यात्मिकता से सराबोर होकर विभिन्न संस्कृतियों का संगम बन गया। कस्बेवासियों ने स्वागत द्वार बनाकर व पुष्पवर्षा से आध्यात्मिक पदयात्रा का स्वागत किया।
गुरुद्वारे के पास से संसदीय सचिव सुरेश सिंह रावत, पालिकाध्यक्ष कमल पाठक ने संत-महंतों, विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों का स्वागत कर आध्यात्मिक पदयात्रा की शुरूआत की। पदयात्रा में विभिन्न स्कूलों की ओर से सजाई गई राम दरबार, शिव परिवार, भारत माता सहित विभिन्न देवी-देवताओं की झांकियां निकाली गईं। वहीं रामधुन गाते संत-महंत यात्रा की शोभा बढ़ा रहे थे। सैनाचार्य स्वामी अचलानंद, चित्रकूट धाम के संत पाठक महाराज, कपालेश्वर महादेव मंदिर के महंत सेवानन्दगिरी, नवखंडीय हनुमान मंदिर के महंत स्वामी रामशरण दास सहित राम स्नेही संप्रदाय के महंत के सानिध्य में कई संत-महंत और नागा बाबा पद्यात्रा में शामिल हुए।
अजमेर . रेलवे प्रशासन पुष्कर मेले में यात्रियों की सुविधा के लिए अजमेर पुष्कर मार्ग पर मेला स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। यह ट्रेनें 1 से 5 नवम्बर तक चलेंगी। तीन नवम्बर को दो फेरे होंगे।

वरिष्ठ मंडल प्रबंधक (परिचालन) विवेक रावत के अनुसार गाड़ी संख्या 09633 अजमेर पुष्कर मेला स्पेशल 3 नवम्बर सुबह 9.50 से रवाना होकर 10.50 बजे पुष्कर पहुंचेगी। यह गाड़ी संख्या 09634 पुष्कर से अजमेर के लिए 4.10 बजे रवाना होकर शाम 5.20 बजे अजमेर पहुंचेगी। गाड़ी में 5 साधारण श्रेणी, एक गार्ड सहित कुल छह डिब्बे होंगे।
 

गाड़ी संख्या 09636 पुष्कर अजमेर मेला स्पेशल रेल सेवा 1 से 5 नवम्बर तक चलेगी। पुष्कर से दिन में 12 बजे रवाना होकर एक बजे अजमेर पहुंचेगी। अजमेर से 2.25 बजे रवाना होकर 3.40 बजे पुष्कर पहुुंचेगी। 3 नवम्बर को जाने वाली गाड़ी में 5 साधारण श्रेणी के व एक गार्ड डिब्बे सहित कुल छह डिब्बे होंगे। 1, 2, 4 व 5 नवम्बर को चलने वाली गाड़ी में 14 साधारण श्रेणी के डिब्बे व 2 गार्ड के डिब्बे सहित कुल 16 डिब्बे होंगे।

Hindi News / Ajmer / pushkar mela 2017 : पवित्र स्नान के लिए लोगों में लगी होड़ , हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई पुष्कर में आस्था की डुबकी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.