
Ajmer: नकली पान मसाला फैक्टरी का खुलासा (फोटो-पत्रिका)
अजमेर। जिले में नकली पान मसाला बनाने और उसे बाजार में खपाने के बड़े रैकेट का खुलासा हुआ है। ब्यावर सदर थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) की संयुक्त कार्रवाई में शनिवार को मेडिया क्षेत्र में चल रही एक अवैध फैक्टरी पर छापा मारकर भारी मात्रा में नकली माल बरामद किया गया। इस कार्रवाई में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मौके से बड़ी संख्या में पैकिंग सामग्री, मशीनें और तैयार उत्पाद जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक रतन सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ब्यावर के बाहरी इलाके मेडिया बस्ती में एक मकान में अवैध रूप से नामी ब्रांडों की नकल कर पान मसाला और जर्दा तैयार किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम ने पहले ग्राहक बनकर इलाके में निगरानी की और गतिविधियों की पुष्टि होने के बाद संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
छापेमारी के दौरान जैसे ही अजमेर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, वहां मौजूद लोग भागने लगे लेकिन पुलिस ने चारों आरोपियों को मौके से दबोच लिया। मकान की तलाशी लेने पर अंदर बड़े पैमाने पर नकली पान मसाला निर्माण और पैकिंग का काम चलता पाया गया। यहां ब्रांडेड कंपनियों की हूबहू नकल कर पैकेट तैयार किए जा रहे थे, जिन्हें बाद में बाजार में सप्लाई किया जाता था।
पुलिस ने मौके से 24,548 पाउच विभिन्न ब्रांड के नकली पान मसाले, करीब 160 किलोग्राम पैकिंग रोल, 1500 खाली पाउच और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली चार मशीनें जब्त की हैं। इसके साथ ही सप्लाई में उपयोग की जा रही एक कार और एक वैन को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से यह अवैध कारोबार चला रहे थे और संगठित तरीके से ब्रांडेड कंपनियों की नकल कर नकली उत्पाद तैयार कर रहे थे। इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच की जा रही है और पुलिस को उम्मीद है कि आगे और भी खुलासे हो सकते हैं।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नंदलाल उर्फ नंदू, करण सांखला, राजेंद्र सिंह उर्फ राजू माली और कमलेश गहलोत के रूप में हुई है। सभी के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस इस पूरे नकली पान मसाला नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है ताकि सप्लाई चेन और इसमें शामिल अन्य सहयोगियों तक पहुंचा जा सके।
Updated on:
13 Jun 2026 07:37 pm
Published on:
13 Jun 2026 07:27 pm
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
