41 डिग्री तापमान के बीच बड़ी संख्या में उमड़े लोग
शाह ने अहमदाबाद में 41 डिग्री से ज्यादा और गांधीनगर में 40 डिग्री गर्मी के बीच दिन भर रोड शो किया। इस रोड शो के दौरान रास्ते में कड़ी धूप के बावजूद बड़ी संख्या में लोग और कार्यकर्ता खड़े थे। घंटों से इंतजार कर रहे लोगों का शाह ने अभिवादन किया। रोड शो के रास्ते केसरिया नजर आ रहे थे। जगह-जगह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय गृह मंत्री शाह के पोस्टर, बैनर और भाजपा के झंडे दिखाई दे रहे थे।
मुख्यमंत्री सहित क्षेत्र के विधायक रहे साथ
रोड शो के घाटलोडिया क्षेत्र से होकर गुजरने के दौरान मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल भी अमित शाह के साथ नजर आए। इससे पहले जिस विधानसभा क्षेत्र से उनका रोड शो गुजरा, उस क्षेत्र के विधायक, पूर्व विधायक, सांसद, पूर्व सांसद व पदाधिकारी भी नजर आए। साणंद में अमित शाह के पुत्र एवं बीसीसीआई के सचिव जय शाह भी नजर आए। पूर्व उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल भी दिखाई दिए।
लोगों के मनोरंजन के लिए जादूगर, पीने के पानी की व्यवस्था
शहर के साबरमती विधानसभा क्षेत्र में राणिप के बलोलनगर चार रास्ते पर लोगों के मनोरंजन के लिए जादूगर जादू करते नजर आया। यहां स्टॉल लगाया गया था। लोगों की भीड़ थी। भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों के लिए यहां पीने के पानी की व्यवस्था की गई थी। रैली में लोग विविध वेशभूषा में भी नजर आए। किसी ने अपने शरीर पर भाजपा झंडे का रंग कराया हुआ था तो कोई केसरिया साफा में दिखाई दे रहा था। ढोल-नगाड़ों की ताल पर कार्यकर्ता नाचते भी नजर आ रहे थे। श्रीराम के नारे और गीत लगातार गूंज रहे थे।