अहमदाबाद

जरूरतमंद और बीमारों की सेवा को तत्पर रेडक्रॉस: राज्यपाल

सबसे अधिक रक्त संग्रह होता है गुजरात में , राजभवन में इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी- गुजरात राज्य शाखा की वार्षिक साधारण सभा

अहमदाबादOct 14, 2024 / 10:32 pm

Omprakash Sharma

सबसे अधिक रक्त संग्रह होता है गुजरात में , राजभवन में इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी- गुजरात राज्य शाखा की वार्षिक साधारण सभा

राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा कि इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी से जुड़े लोग मानवीय कर्तव्य का पालन कर इस लोक और परलोक को उन्नत कर रहे हैं। स्वास्थ्य के प्रत्येक क्षेत्र में सेवा के लिए रेड क्रॉस अग्रणी है। रोगियों और जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए रेड क्रॉस तत्पर है परंतु लोग बीमार ही ना पड़ें, इसका ख्याल रखने की आवश्यकता है। रेडक्रॉस की सोमवार को राजभवन में आयोजित साधारण सभा की बैठक में उन्होंने यह बात कही। राज्यपाल रेडक्रॉस की गुजरात शाखा के प्रमुख भी हैं। उन्होंने कहा कि आहार की शुद्धता से ही शरीर और मन स्वस्थ-शुद्ध रहता है। शास्त्रों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जो हितकारी है, वही खाना चाहिए। प्राकृतिक उत्पादों का उपयोग किया जाना चाहिए ताकि प्राकृतिक खेती का दायरा बढ़े और लोग स्वस्थ रह सकें।ुउन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनऔषधि केन्द्रों का नेटवर्क विस्तृत कर रेड क्रॉस की ओर से लोगों की अच्छी सेवा की जा रही है।

गुजरात रेडक्रॉस शाखा देश में अव्वल: पटेल

इस मौके पर गुजरात रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन अजय पटेल ने कहा कि राज्य में 33 जिला और 97 तहसील शाखा के साथ गुजरात रेड क्रॉस देश की सबसे श्रेष्ठ शाखा है। ब्लड कलैक्शन और सबसे ज्यादा ब्लड डोनेशन गुजरात में होता है। गुजरात रेड क्रॉस की तीन शाखाओं को एन.ए.बी.एच. का प्रमाण पत्र मिल गया है। लोगों को महत्वपूर्ण दवाएं बिल्कुल सस्ती दर पर मिलें, इसके लिए राज्य में ज्यादा से ज्यादा प्रधानमंत्री जन औषधि केन्द्र शुरु करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। 33 जिलों में 33,000 स्वयंसेवकों की टीम तैयार करने के लिए रेड क्रॉस प्रयासरत है। ये टीम आपदा में सहायक बनेंगी। इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अग्रसचिव धनंजय द्विवेदी, रेड क्रॉस के महासचिव डॉ. प्रकाश परमार, जिला शाखाओं के पदाधिकारी व अन्य उपस्थित रहे।

संबंधित विषय:

Hindi News / Ahmedabad / जरूरतमंद और बीमारों की सेवा को तत्पर रेडक्रॉस: राज्यपाल

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.