आगरा

अगले पांच दिनों तक होगी कड़ाके की ठंड, कोहरा-शीतलहर के बीच IMD का डबल अलर्ट, बारिश होगी?

Weather Forecast: यूपी समेत पूरे देश में शीतलहर के चलते लोगों का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार इसका कारण यूरोप से आ रही सर्द हवा है। फिलहाल अगले कुछ दिन मौसम ऐसा ही रहेगा।

आगराJan 21, 2024 / 12:50 pm

Vishnu Bajpai

Weather Forecast in UP: उत्तर भारत के मैदानी इलाकों के ऊपरी वायुमण्डल में 130-140 की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं। यह हवाएं यूरोप से आ रही हैं। इसके चलते उत्तर प्रदेश सहित पूरे उत्तर भारत में ठण्ड का असर बढ़ गया है। आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र लखनऊ के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि हवा का रुख बदलकर अब पछुवा हो गया है। इससे रात के तापमान में गिरावट शुरू हो गई है। इसके साथ ही दिन में भी धूप नहीं निकल रही है। उन्होंने बताया कि अगले पांच दिनों तक यूपी में ऐसा ही मौसम रहने वाला है। कुछ स्थानों पर घना कोहरा रहेगा। एक या दो स्थानों पर कोल्ड डे या सीवियर कोल्ड डे रहेगा।
डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बीते 24 घंटों में पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं पर घना और कहीं बहुत घना कोहरा छाया रहा। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं मध्यम कोहरा बना रहा। प्रदेश में कई जिलों में कोल्ड डे या सीवियर कोल्ड का प्रकोप बना रहा। शुक्रवार को झांसी में सबसे कम दिन का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 12 डिग्री कम रहा। वहीं मेरठ मंडल में दिन का तापमान काफी कम दर्ज किया गया।

लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र द्वारा अयोध्या में हो रहे रामोत्सव के अवसर पर वहां आने वालों को मौसम की जानकारी देने के लिए विशेष प्रबंध किये गये हैं। मौसम विभाग ने अपनी वेबसाइट का पहला पेज अयोध्या के मौसम के पूर्वानुमान की जानकारी देने के लिए बनाया है। मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह के अनुसार फिलहाल 22 जनवरी को अयोध्या में दिन का तापमान सामान्य से कम ही रहने के आसार हैं। रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी। उन्होंने बताया कि शनिवार से मौसम विभाग अपनी वेबसाइट पर हर तीन घंटे के अंतराल पर अयोध्या के मौसम का अपडेट देना शुरू करेगा।

आंचलिक विज्ञान नगरी लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले पांच दिनों तक कड़ाके की ठंड से राहत नहीं मिलेगी। पूरे उत्तर भारत में घना कोहरा छाया रहेगा। उन्होंने बताया ‌कि अगले 3-5 दिनों के दौरान कानपुर क्षेत्र सहित उत्तर भारत में घने से बहुत घने कोहरे और ठंडे दिन से लेकर गंभीर ठंडे दिन की स्थिति बनी रहने की संभावना है। इसी तरह, अगले 3 दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में शीत लहर से लेकर गंभीर शीत लहर की स्थिति जारी रहने की संभावना है।
नवीनतम आईएमडी बुलेटिन में कहा गया है, “अगले 5 दिनों के दौरान उत्तर भारत में घने से बहुत घने कोहरे की स्थिति बनी रहने की संभावना है। अगले 3 दिनों के दौरान उत्तर भारत में ठंडे दिन से लेकर गंभीर ठंडे दिन की स्थिति बनी रहने की संभावना है।” मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, कानपुर क्षेत्र सहित उत्तर भारत में लोगों को अगले 3-5 दिनों के दौरान कोहरे और ठंडे दिन की स्थिति का अनुभव जारी रहेगा।

संबंधित विषय:

Hindi News / Agra / अगले पांच दिनों तक होगी कड़ाके की ठंड, कोहरा-शीतलहर के बीच IMD का डबल अलर्ट, बारिश होगी?

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.