IMD Alert: बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र विकसित हो गया है। यह सिस्टम दक्षिण मध्य प्रदेश के पास से होते हुए गुजरेगा, लेकिन इसके असर से हवा में नमी आना शुरू हो गई है।
26 से 28 सितंबर के बीच शहर सहित अंचल में झमाझम बारिश के आसार हैं। 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से हवा भी चल सकती है। इस सिस्टम के बाद मानसून की विदाई शुरू हो जाएगी। वर्तमान में गुजरात व राजस्थान से मानसून की विदाई भी शुरू हो गई है।
मानसून सीजन 30 सितंबर को खत्म हो जाएगा। इस बार शहर सहित जिले में अच्छी बारिश हुई है। घाटीगांव में बारिश का आंकड़ा 1200 मिलीमीटर से अधिक रहा है, शहर दूसरे नंबर पर रहा है। चक्रवातीय घेरे, कम दबाव के क्षेत्र, मानसून ट्रफ लाइन के असर से हल्की, मध्यम, भारी बारिश हुई। सितंबर में 98 साल बाद शहर ने भारी बारिश देखी है। 36 घंटे में 247 मिलीमीटर पानी बरसा था।
पारा पहुंचा 35.8 डिसे पर, गर्मी ने किया बेहाल
मंगलवार को अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इसकी वजह से दिन में उमस भरी गर्मी रही। लोग गर्मी से बेहाल रहे। न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। रात में भी गर्मी रही।
Hindi News / Gwalior / 3 दिन तांडव मचाएंगी तेज हवाएं , 26-27-28 सितंबर को अतिभारी बारिश अलर्ट