bell-icon-header
विदेश

Heat Wave in Asia: मोहनजोदड़ो में 52 डिग्री के पार पहुंचा पारा, हीटवेव से झुलसा दक्षिण-पूर्वी एशिया, जानिए कौन-कौन से देश चपेट में?

Heat Wave in Asia: वैज्ञानिकों का कहना है कि अल नीनो (El Nino) की वजह से मौसम में इतना प्रभाव पड़ रहा है। वहं कई वैज्ञानिकों का मानना है कि मध्य प्रशांत में ग्लोबल वार्मिंग से दुनिया भर में मौसम के पैटर्न को ही बदल दिया है।

नई दिल्लीMay 29, 2024 / 02:54 pm

Jyoti Sharma

Heat Wave in Aisa

Heat Wave in Asia: इन दिनों दक्षिणी और दक्षिण पूर्वी एशिया हीटवेव (लू) की चपेट में है। भारत, पाकिस्तान, थाईलैंड, बांग्लादेश जैसे देश लू से उबल रहे हैं। भारत के चूरू में पारा 50 पार हो गया था तो पाकिस्तान (Pakistan) के मोहनजोदड़ो में पारा 52 पार हो गया है। बांग्लादेश में पारा 44 डिग्री पहुंच गया है तो थाईलैंड में पारा 35 पार हो गया है। इन देशों ने गर्मी के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। लेकिन वैज्ञानिकों ने अभी और लू (Heat Wave) चलने का अलर्ट जारी किया है जो पूरे दक्षिण और दक्षिण-पूर्वी एशिया (South East Asia) को और भी ज्यादा झुलसाएगी। 

दक्षिणी एशिया में सबसे ज्यादा पारा मोहनजोदड़ो में

पाकिस्तान (Heat Wave in Pakistan) में स्थित मोहनजोदड़ो में गर्मी के सारे रिकॉर्ड टूट गए हैं। यहां पर बीते मंगलवार को 52 डिग्री पारा दर्ज किया गया है। हीटवेव के चलते मोहनजोदड़ो में लोगों ने दुकानें बंद कर दी हैं, बच्चे स्कूल नहीं जा रहे हैं। यही नहीं पाकिस्तान के मौसम विभाग ने तो आने वाले दिनों कम से कम 4 डिग्री पारा और बढ़ने का अनुमान जताया है। ऐसे में पाकिस्तान के इस्लामाबाद/रावलपिंडी, मुरी, गलियात, अटक, चकवाल, झेलम, मंडी बहाउद्दीन, गुजरात, गुजरांवाला, हफीजाबाद, सियालकोट, नारोवाल, लाहौर, कसूर, ओकारा, फैसलाबाद, टोबा टेक में धूल भरी आंधी तूफान के साथ छिटपुट बारिश की भी संभावना जताई गई है। वहीं सिंह, झांग, खुशाब, सरगोधा और मियांवाली में 1 जून तक बीच-बीच में बारिश होगी। 

बांग्लादेश में Heat Wave से 30 की मौत

पाकिस्तान के अलावा बांग्लादेश (Heat Wave In Bangladesh) में भी गर्मी अपने तेवर दिखा रही है। यहां लू लगने से 30 लोगों की मौत हो गई है। बांग्लादेश में दिन का अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक पहुंच गया है। बांग्लादेश की सबसे गर्म जगह रंगपुर रही रात में यहां का तापमान 37 डिग्री रहा। बांग्लादेश के मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में हल्की बारिश और आंधी का अनुमान जारी किया है। हालांकि ये अनुमान बांग्लादेश के सिर्फ 3 संभागों के लिए ही है। बाकी जगह तेज धूप के साथ हल्के बादल छाए रहेंगे। 

म्यामांर में भी रोज दर्ज हो रहीं 10 मौतें 

(Heat Wave in Asia) भारत पाकिस्तान के अलावा एशियाई देश म्यामांर (Myanmar) में भी गर्मी से लोग बेहाल हैं। यहां लू का प्रचंड रूप ऐसा है कि मई महीने की शुरुआत से ही यहां पर हर दिन रोज 10 लोगों की मौत दर्ज की जा रही है। अप्रैल में तो म्यामांर का तापमान 48 डिग्री को पार कर गया था। 

थाईलैंड, वियतनाम, फिलीपींस में लू का कहर

इसके अलावा थाईलैंड (Thailand) में भी हीटवेव यानी लू का प्रकोप जारी है। यहां भी पारा 40 पार चल रहा है। यहां लू से बीते दिन 30 लोगों की मौत दर्ज की गई है। थाईलैंड के बैंकॉक में बीते दिन पारा 38 डिग्री पहुंच गया था। इधर फिलीपींस (Philippines) में अधिकारियों ने सभी स्कूल बंद करा दिए। क्योंकि यहां के विशाल क्षेत्रों में सूखा पड़ गया है यहां तो अप्रैल की शुरुआत में  ही तापमान 43 डिग्री तक पहुंच गया था। जो इस क्षेत्र के लिए अभूतपूर्व था क्योंकि इससे पहले इतनी गर्मी यहां कभी नहीं पड़ी। 
वहीं वियतनाम में भी पारा 43 डिग्री पहुंच गया है। वियतनाम की राष्ट्रीय मौसम एजेंसी ने भीषण गर्मी के चलते जंगलों में आग, सूखा और हीट स्ट्रोक का अलर्ट जारी कर दिया है। 

क्या है भारत का हाल? 

भारत (Heat Wave in India) में लू से हर कोई दो-चार हो रहा है। सिर्फ उत्तर भारत ही नहीं भारत के सबसे ठंडे माने जाने वाले राज्य जम्मू में पारा 43 डिग्री पहुंच गया है। भारत का सबसे गर्म स्थान राजस्थान राज्य का चूरू (Churu) जिला रहा। यहां पर तापमान 50 डिग्री को पार कर गया। वहीं राजस्थान में बीते दिन 16 लोगों की लू लगने से मौत भी हो गई।  

क्यों पड़ रही दक्षिणी एशिया में इतनी गर्मी? 

वैज्ञानिकों का कहना है कि अल नीनो (El Nino) की वजह से मौसम में इतना प्रभाव पड़ रहा है। वहं कई वैज्ञानिकों का मानना है कि मध्य प्रशांत में ग्लोबल वार्मिंग, जिसने सालों से दुनिया भर में मौसम के पैटर्न को ही बदल दिया है, इस वजह ने ही दक्षिण और दक्षिण पूर्व एशिया में गर्मी बढ़ा दी है। 
ये भी पढ़ें- दुनिया भर में इतनी गर्मी क्यों पड़ रही है?

संबंधित विषय:

Hindi News / world / Heat Wave in Asia: मोहनजोदड़ो में 52 डिग्री के पार पहुंचा पारा, हीटवेव से झुलसा दक्षिण-पूर्वी एशिया, जानिए कौन-कौन से देश चपेट में?

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.