bell-icon-header
विदेश

अमेरिका में निकली ‘इंडिया डे परेड’, दिखी ‘राम मंदिर’ की झांकी

Ram Mandir Float Joins India Day Parade: अमेरिका में रह रहे भारतीय प्रवासियों ने भारत की स्वतंत्रता के उपलक्ष्य में पूरे हर्षोल्लास से 42वीं इंडिया डे परेड निकाली। इस अवसर पर ‘राम मंदिर’ की झांकी भी परेड का हिस्सा बनी।

नई दिल्लीAug 20, 2024 / 12:44 pm

Tanay Mishra

Ram Mandir Float

अमेरिका (United States Of America) में रह रहे भारतीय प्रवासियों ने भारत (India) की स्वतंत्रता के उपलक्ष्य में रविवार को 42वीं इंडिया डे परेड (India Day Parade) का आयोजन किया। यह परेड न्यूयॉर्क शहर में निकाली गई। इस परेड में भारतीय प्रवासियों ने अपनी मातृभूमि की सांस्कृतिक समृद्धि और धार्मिक विविधता का जश्न पूरे हर्षोल्लास से मनाया। हज़ारों लोग इस इंडिया डे परेड का हिस्सा बने। हालांकि एक मुस्लिम संगठन के नेतृत्व वाले एक समूह ने इस परेड में बाधा डालकर इसे रोकने की भी कोशिश की। भारतीय अमेरिकी मुस्लिम काउंसिल ने अन्य मुस्लिम समूहों के साथ मिलकर एक अभियान चलाया। इस अभियान में उन्होंने कहा कि वो राम मंदिर के चित्र के खिलाफ हिंदुओं, सिखों और ईसाइयों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उन्होंने इसे मुस्लिमों के प्रति नफरत फैलाने वाली हरकत बताया और सार्वजनिक अधिकारियों से इस परेड पर बैन लगाने की अपील की। हालांकि मुस्लिम समूहों की कोशिश विफल हो गई और पूरे हर्षोल्लास से यह परेड निकाली गई।

‘राम मंदिर’ की झांकी हुई शामिल

न्यूयॉर्क में निकली इस इंडिया डे परेड में ‘राम मंदिर’ की झांकी भी शामिल हुई। महिलाओं और पुरुषों ने महाराष्ट्र के पारंपरिक ढोल बजाते हुए राम मंदिर की झांकी का स्वागत किया। परेड मार्ग के कई स्थानों पर यहूदी और इज़रायलियों ने राम मंदिर की झांकी का समर्थन किया।

दूसरी झांकियाँ भी बनी परेड का हिस्सा

इंडिया डे परेड में ईसाई मुस्लिम और सिखों की झांकियाँ भी हिस्सा बनी। इस परेड में गुरु तेग बहादुर को समर्पित एक झांकी भी शामिल हुई। एक अन्‍य झांकी में भारत के संविधान निर्माता बी.आर. अंबेडकर को दिखाया गया। लोगों ने जातिवाद को खत्म करने वाले उनके विचारों के पर्चे भी बांटे। डॉक्टरों, व्यापारियों और मीडिया जैसे कई संगठनों की झांकियाँ भी इंडिया डे परेड का हिस्सा बनी।

स्वामी अद्वैतानंद गिरि हुए मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल

इंडिया डे परेड में सन्यासियों के सबसे पुराने और सबसे बड़े संगठन जूना अखाड़ा के प्रमुख स्वामी अद्वैतानंद गिरि मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा और उनके पति अभिनेता जहीर इकबाल भी इस परेड में शामिल हुए।

इंडिया डे परेड को मिली पुलिस की सुरक्षा

न्यूयॉर्क पुलिस विभाग ने इंडिया डे परेड में मार्च करने के लिए अधिकारियों और उनके बैंड की एक टुकड़ी भेजी, जिन्होंने परेड की सुरक्षा का भी ध्यान रखा। पुलिस विभाग ने अपने स्वयं के बैनर के साथ मार्च किया। साथ ही भारतीय तिरंगा थामे एक समूह के दोनों ओर दो घुड़सवार पुलिसकर्मी भी मौजूद थे।

बांग्लादेश में हिंदू नरसंहार के विरोध की झांकी

इस इंडिया डे परेड में बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमले के विरोध की झांकी भी रखी गई। इस झांकी की थीम थी “बांग्लादेश में हिंदू नरसंहार को रोकें।” इज़रायली झंडा लिए एक व्यक्ति झांकी के नरसंहार विरोधी बैनर को थामे समूह में शामिल हो गया।

भारतीय लोक नृत्य और संगीत ने बढ़ाई परेड की रौनक

भारतीय यहूदी और बौद्ध समूह के लोग भी इस परेड में शामिल हुए। कई भारतीय लोक नृत्य और संगीत ने परेड की रौनक बढ़ा दी। भारत के यहूदियों का प्रतिनिधित्व करने वाला इंटरनेशनल ऑर्गेनाइज़ेशन ऑफ बेने इज़रायल मार्च करने वालों के समूहों में से एक था।

यह भी पढ़ें

गर्मी से परेशान जापान को जल्द मिलेगी राहत, मौसम विभाग ने जारी किया मूसलाधार बारिश का अलर्ट






संबंधित विषय:

Hindi News / world / अमेरिका में निकली ‘इंडिया डे परेड’, दिखी ‘राम मंदिर’ की झांकी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.