bell-icon-header
अजब गजब

पैसे भी कमाने लगे मशीनी इंसान, स्पेन की ये एआइ मॉडल हर महीने कमाती है तीन लाख रुपए

इस मॉडल को डिजाइन करने वाले रूबेन क्रूज कहते हैं, यह इतनी वास्तविक लगती है कि लोग अक्सर इसे सच मान बैठते हैं। इस मॉडल को कितने ही मैसेज आते हैं।

Nov 28, 2023 / 01:23 am

pushpesh

ऐताना इतनी वास्तविक लगती है कि लोग अक्सर इसे सच मान बैठते हैं।

नई दिल्ली. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) मौजूदा युग की बड़ी तकनीकी क्रांति है। इसमें बेशुमार संभावनाएं हैं तो आशंकाएं भी कम नहीं। सबसे बड़ी आशंका रोजगार को लेकर है। हालांकि ये आशंका निर्मूल भी नहीं है। बार्सिलोना की गुलाबी बालों वाली खूबसूरत मॉडल ऐताना (Aitana Lopez) को ही देख लीजिए। यह हर महीने 3 लाख रुपए तक कमा लेती है। दरअसल ऐताना एक एआइ मॉडल है, जिसे स्पेन के दूसरे सबसे बड़े शहर बार्सिलोना की 25 वर्षीय उत्साही महिला के लिए रूप में ढाला गया है। इस मॉडल को डिजाइन करने वाले रूबेन क्रूज कहते हैं, यह इतनी वास्तविक लगती है कि लोग अक्सर इसे सच मान बैठते हैं। इस मॉडल को कितने ही मैसेज आते हैं। कुछ मशहूर सेलिब्रिटी तो ऐताना के साथ बाहर घूमने जाने का मैसेज कर चुके हैं।
मुश्किल दौर में थे, तब आया आइडिया
पिछले वर्ष क्रूज मुश्किल दौर से गुजर रहे थे, क्योंकि उनके कई प्रोजेक्ट्स कैंसिल हो गए। इसके बाद उन्होंने एक एआइ मॉडल बनाया, जिसका नाम ऐताना रखा। यह वर्चुअल मॉडल इतनी लोकप्रिय हुई कि लाखों के विज्ञापन मिलने लगे। ऐताना एक लाख रुपए प्रति ऐड चार्ज करती है। कई बार यह दस लाख रुपए तक कमा लेती है। हाल ही एक स्पोट्र्स सप्लीमेंट कंपनी का बड़ा चेहरा भी बन गई। इसकी लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि कुछ ही महीने में इंस्टाग्राम पर इसके एक लाख 20 हजार से ज्यादा फॉलोअर हो गए। इतना ही ऐताना की तस्वीरों पर हजारों व्यूज और कमेंट्स भी मिलते हैं।
प्रोग्राम तय करती है टीम
ऐताना को क्या करना है, इसको लेकर हर हफ्ते उनकी एजेंसी के सदस्यों की मीटिंग होती है। इसमें उसके पूरे सप्ताह का शेड्यूल तय होता है। मसलन, क्या करेगी, किन स्थानों पर जाएगी और कौनसी तस्वीरें शेयर की जाएंगी। हालांकि इसके लिए कोई फोटोशूट नहीं होता है, बल्कि एआइ और डिजाइन के जरिए बनाई जाने वाली तस्वीरें ही शेयर की जाती हैं।

Hindi News / Ajab Gajab / पैसे भी कमाने लगे मशीनी इंसान, स्पेन की ये एआइ मॉडल हर महीने कमाती है तीन लाख रुपए

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.