bell-icon-header
अजब गजब

बुजुर्ग की आंत में मिली जिंदा मक्खी! शरीर में कैसे घुसी, डॉक्टर भी हैरान

अमरीका में 63 साल के बुजुर्ग की आंत में जांच के दौरान एक जिंदा मक्खी मिली है। यह अनोखा नजारा देखकर डॉक्टर भी हैरान है। यह मक्खी पाचन एंजाइमों और पेट के एसिड में भी नहीं मरी।

Nov 27, 2023 / 09:02 am

Shaitan Prajapat

इंसान के शरीर की फंक्शनिंग के बारे में कई शोध के बावजूद कुछ जटिल पहलू अब भी पहेली बने हुए हैं। ऐसी ही एक पहेली अमरीका के मिसौरी में सामने आई। वहां 63 साल के एक बुजुर्ग व्यक्ति के पेट का स्कैन करने पर डॉक्टरों को जो मिला, वह हैरान करने वाला था। बुजुर्ग को कोलन कैंसर की बीमारी है। वह नियमित जांच के लिए अस्पताल पहुंचा था। जांच के दौरान डॉक्टरों को उसकी आंत में एक जिंदा भिनभिनाती हुई मक्खी दिखाई दी। उन्हें समझ नहीं आया कि मक्खी पेट के अंदर कैसे पहुंची।


पाचन एंजाइमों और पेट के एसिड में भी नहीं मरी

अमरीकन जर्नल ऑफ गैस्ट्रोएंटरोलॉजी के मुताबिक बुजुर्ग का इलाज कर रहे डॉक्टरों ने इसे दुर्लभ कोलोनोस्कोपिक खोज से जुड़ा मामला बताया, जिसमें जिंदा मक्खी पाचन तंत्र के अंतिम भाग तक गई। वह रह-रहकर उड़ रही थी। आशंका जताई गई कि लोग अनजाने में फलों या सब्जियों में मौजूद रहने वाले मक्खियों के अंडे या लार्वा का सेवन कर लेते हैं। ये पेट के एसिड में भी सर्वाइव कर लेते हैं और आंतों में पनपने लगते हैं।

यह था खान-पान

बुजुर्ग मरीज ने डॉक्टरों को बताया कि उसे नहीं पता कि जिंदा मक्खी उसके पेट में कैसे पहुंची। अस्पताल आने से पहले उसने सिर्फ स्वच्छ पेय पदार्थ लिया था। इससे दो दिन पहले पिज्जा और सलाद का सेवन किया था। इन पर कोई मक्खी नहीं उड़ रही थी।

यह भी पढ़ें

वर्चुअल मीटिंग दिमाग और दिल के लिए खतरनाक: हो रही हैं ये परेशानियां, करें ये उपाय



फल-सब्जियों का सेवन धोकर करें

मिसौरी यूनिवर्सिटी में गैस्ट्रोएंटरोलॉजी के प्रमुख मैथ्यू बेचटोल्ड का कहना है कि मक्खी बुजुर्ग के मुंह से शरीर में घुसी होगी। पाचन एंजाइमों और पेट के एसिड से मक्खी को मर जाना चाहिए था, लेकिन वह नहीं मरी। उसे डॉक्टरों को मारना पड़ा। बेचटोल्ड ने सलाह दी कि फल और सब्जियों को मक्खियों से दूर रखना चाहिए। खाने से पहले इन्हें अच्छी तरह धो लेना चाहिए।

यह भी पढ़ें

गुलाबी बालों वाली AI मॉडल के लाखों दीवाने: बड़े-बड़े एक्टर्स समझ रहें असली, कमाई जान उड़ जाएंगे होश

Hindi News / Ajab Gajab / बुजुर्ग की आंत में मिली जिंदा मक्खी! शरीर में कैसे घुसी, डॉक्टर भी हैरान

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.