लखनऊ

यूपी में खाने की दुकानों पर नेमप्लेट अनिवार्य


Aman Pandey

तिरुपति मंदिर के प्रसाद में जानवर की चर्बी मिलने की खबरों के बीच यूपी सरकार ने खाने की दुकानों पर नेमप्लेट यानी दुकानदार का नाम लिखना अनिवार्य कर दिया है। सीएम योगी ने मंगलवार को यह आदेश दिए।

सीएम योगी ने कहा कि हाल के दिनों में देश के विभिन्न क्षेत्रों में जूस, दाल और रोटी जैसी खान-पान की वस्तुओं में मानव अपशिष्ट चीजों की मिलावट की घटनाएं देखने को मिली हैं। ऐसी घटनाएं वीभत्स हैं।

ढाबों और रेस्टोरेंट की जांच की जानी आवश्यक है। प्रदेश में अभियान चलाकर संचालकों का वैरिफिकेशन किया जाए। इसे खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, पुलिस और प्रशासन की टीम जल्द से जल्द करे।

सीएम योगी ने कहा कि खान-पान के प्रतिष्ठानों पर संचालक, प्रोपराइटर, मैनेजर के नाम और पता डिस्प्ले किया जाए। इस संबंध में खाद्य सुरक्षा अधिनियम में आवश्यकतानुसार संसोधन भी किया जाए।

खान-पान के प्रतिष्ठानों में CCTV की व्यवस्था हो। न केवल ग्राहकों के बैठने के स्थान पर, बल्कि प्रतिष्ठान के अन्य हिस्सों को भी CCTV से कवर होना चाहिए। यह सुनिश्चित किया जाए कि हर प्रतिष्ठान संचालक CCTV की फीड को सुरक्षित रखेगा।

खान पान के केंद्रों पर साफ-सफाई होनी चाहिए। शेफ और वेटर को मास्क और ग्लव्स पहनना जरूरी है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। लोगों के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ नहीं किया जा सकता।