bell-icon-header
उदयपुर

उदयपुर पहुंचने पर सूरत और राजकोट की उड़ान का वॉटर सेल्यूट से वेलकम

गुजरात के 3 शहरों के साथ जुड़ा हवाई कनेक्शन, अहमदाबाद के लिए पहले से थी फ्लाइट, राजकोट के लिए पहली बार शुरू हुई

उदयपुरAug 22, 2023 / 10:43 pm

madhulika singh

सूरत और राजकोट के लिए उदयपुर से सीधी उड़ान सोमवार से शुरू हो गई। ये उड़ानें इंडिगो एयरलाइंस की ओर से संचालित की जा रही हैं। उदयपुर पहुंचने पर दोनों फ्लाइट्स का वॉटर सेल्यूट देकर स्वागत किया गया। गौरतलब है कि गुजरात से काफी संख्या में पर्यटक हर माह उदयपुर पहुंचते हैं। बिजनेस व अन्य कार्यों से लोगों का आना-जाना लगा रहता है। अभी तक केवल अहमदाबाद के लिए सप्ताह में 5 दिन उड़ान थी। सूरत व राजकोट की उड़ान शुरू होने से पर्यटन व व्यावसायिक दृष्टि से बहुत फायदा मिलेगा।
सप्ताह में सातों दिन हवाई सेवा

सूरत के लिए उदयपुर से लगभग दो साल पहले भी उड़ान शुरू की गई थी। लेकिन राजकोट के लिए पहली बार सीधी उड़ान शुरू हुई है। ये दोनों ही उड़ानें सप्ताह में सातों दिन होंगी, जिसका फायदा यात्रियों को मिलेगा। इन उड़ानों के जरिए करीब 1 से डेढ़ घंटे के बीच सूरत व राजकोट पहुंचा जा सकेगा। वर्तमान में उदयपुर से 8 शहरों के लिए 18 फ्लाइट्स हो जाएंगी। अभी दिल्ली के लिए 5, मुंबई के लिए 5 तथा अहमदाबाद, इंदौर, भोपाल, जयपुर, बेंगलुरू व हैदराबाद के लिए 1-1 फ्लाइट का संचालन किया जा रहा है।
– ये रहेगा उड़ानों का समय –

राजकोट से उदयपुर 6 इ 7437 : प्रस्थान – सुबह 8.40 बजे , उदयपुर आगमन – 9.55 बजे

उदयपुर से राजकोट 6 इ 7425: प्रस्थान – सुबह 10.15 बजे, राजकोट आगमन – 11.35 बजे
समय – लगभग 1 घंटा 15 मिनट

————-

सूरत से उदयपुर 6 इ 7429 : प्रस्थान – शाम 4.20 बजे , उदयपुर आगमन – 5.35 बजे

उदयपुर से सूरत 6 इ 7431 : प्रस्थान – शाम 5.55 बजे , सूरत आगमन – 7.35 बजे
समय – लगभग 1 घंटा 15 मिनट व अधिक

इनका कहना है…

सूरत और राजकोट गुजरात के दो महत्वपूर्ण शहर हैं। वहां से कई लोग श्रीनाथजी के दर्शनों के लिए आते हैं। वहीं, बिजनेस व घूमने के सिलसिले में उदयपुर के लोग सूरत व राजकोट जाते हैं। ऐसे में लोगों को सीधी फ्लाइट मिलने से आसानी रहेगी। पर्यटन और बिजनेस दोनों के लिहाज से ये फ्लाइट्स फायदेमंद साबित होंगी।
अशोक जोशी, पर्यटन व्यवसायी

Hindi News / Udaipur / उदयपुर पहुंचने पर सूरत और राजकोट की उड़ान का वॉटर सेल्यूट से वेलकम

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.