bell-icon-header
उदयपुर

IAS Arvind Poswal: राजस्थान में यहां गलियों में पहुंचे कलक्टर साहब, घरों में जाकर पूछा ‘पानी आ रहा है या नहीं?’

IAS Arvind Poswal: उदयपुर जिला कलक्टर जनप्रतिनिधियों के साथ गलियों में घूमे और हालात जाने। उन्होंने घरों में जाकर लोगों से जलापूर्ति के बारे में पूछा।

उदयपुरJun 02, 2024 / 01:44 pm

Santosh Trivedi

Udaipur Latest News: गर्मी में आमजन को पर्याप्त पानी मिले इसे लेकर जिला प्रशासन अलर्ट है। अंदरुनी शहर में पेयजल समस्या को लेकर मिली शिकायतों के बाद कलक्टर शनिवार सुबह मौके पर पहुंचे। कलक्टर जनप्रतिनिधियों के साथ गलियों में घूमे और हालात जाने।
घरों में जाकर जलापूर्ति के बारे में पूछा। कई जगहों पर लोगों ने कम दबाव से जलापूर्ति और पानी की गुणवत्ता खराब होने की शिकायतें की। कलक्टर ने स्मार्ट सिटी के अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए।
कलक्टर अरविन्द पोसवाल ने महालक्ष्मी चौक, कसारों की ओल, मेहतों का टिम्बा, जगदीश रोड, सूर्य मार्ग, सोलंकियों की घाटी, पीपलेश्वर महादेव की गली, रावजी का हाटा, नजरबाग, समोर बाग क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान शहर विधायक ताराचंद जैन, उपमहापौर पारस सिंघवी सहित क्षेत्रीय पार्षद भी साथ थे। पार्षदों और क्षेत्रवासियों ने समस्या बताई। कसारों की ओल में स्थिति जांचने के लिए कलक्टर ने एक मकान के बाहर नल से खुद पानी पीया।
कलक्टर ने कहा कि गर्मी में सरकार की पहली प्राथमिकता पर्याप्त बिजली-पानी की आपूर्ति करना है। इसके लिए मुख्यमंत्री भी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन आपके साथ है और समस्या का यथासंभव समाधान कर रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान पीएचईडी के अतिरिक्त मुख्य अभियंता मोहनलाल सैनी, अधिशासी अभियंता ललित नागौरी, नगर निगम के अधीक्षण अभियंता मुकेश पुजारी, स्मार्ट सिटी के अधिकारी, फर्म एलएण्डटी कम्पनी के प्रतिनिधि, क्षेत्रीय पार्षद मौजूद रहे।

प्रेशर जांचकर लिए पानी के नमूने

ऊंचाई वाले क्षेत्र में पानी का प्रेशर नहीं मिलने की समस्या पर कलक्टर ने तकनीकी टीम से हाथों हाथ प्रेशर की जांच करवाई। पीपलेश्वर महादेव गली में दूषित पानी की शिकायत पर स्थानीय निवासियों से जानकारी ली। यहां दो दिन पहले दूषित पानी आने की शिकायत थी। इस पर कलक्टर ने दूषित पानी की सेम्पलिंग कराई। इसकी जांच के बाद रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।

समय सारिणी तय करने के निर्देश

आमजन की समस्याएं सुनकर कलक्टर ने स्मार्ट सिटी सीईओ प्रदीप सांगावत, एसीईओ कृष्णपालसिंह चौहान सहित अन्य अधिकारियों को स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर एरिया वाइज जलापूर्ति की समय सारिणी तय करने तथा उसकी जानकारी सार्वजनिक करने को कहा। साथ ही समय सारिणी के अनुसार जलापूर्ति करने व एरिया वार कार्मिकों की जिम्मेदारी तय करने और मॉनिटरिंग के लिए अधिकारियों का ग्रुप बनाकर प्रतिदिन अपडेट देने के निर्देश दिए।

Hindi News / Udaipur / IAS Arvind Poswal: राजस्थान में यहां गलियों में पहुंचे कलक्टर साहब, घरों में जाकर पूछा ‘पानी आ रहा है या नहीं?’

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.