bell-icon-header
सूरत

BJP NEWS: कपड़ा बाजार में लेंगे व्यापारियों व अन्य लोगों से सुझाव

प्रत्याशियों की घोषणा से पहले भाजपा ने जनता के पास जाकर उनके सुझाव अग्रसर गुजरात संकल्प पत्र में शामिल करने की तैयारियां की है

सूरतNov 08, 2022 / 09:27 pm

Dinesh Bhardwaj

BJP NEWS: कपड़ा बाजार में लेंगे व्यापारियों व अन्य लोगों से सुझाव

सूरत. प्रत्याशियों की घोषणा से पहले भाजपा ने जनता के पास जाकर उनके सुझाव अग्रसर गुजरात संकल्प पत्र में शामिल करने की तैयारियां की है। इस सिलसिले में बुधवार को केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री महेंद्रनाथ पांडेय सूरत आएंगे और सूरत कपड़ा मंडी में इस अभियान की शुरुआत की जाएगी। इस आशय की जानकारी मंगलवार शाम भाजपा कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों ने दी है।
पत्रकार वार्ता में बताया कि गुजरात विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी संकल्प पत्र प्रदेश की जनता के समक्ष रखेगी और इसके लिए जनता से ही सुझाव मांगे जाएंगे। संकल्प पत्र के लिए भाजपा जनता से सुझाव मांगने की शुरुआत बुधवार को सूरत कपड़ा मंडी के रिंगरोड कपड़ा बाजार से करने वाली है। अभियान की शुरुआत सुबह 11 बजे सहारा दरवाजा के निकट ग्लोबल टेक्सटाइल मार्केट से की जाएगी और इस मौके पर केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री महेंद्रनाथ पांडेय विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। यहां से बाद में पार्टी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के साथ केंद्रीय मंत्री पांडेय श्रीसालासर प्रवेशद्वार आएंगे और गुडलक मार्केट से होकर सिल्कसिटी मार्केट जाएंगे। इस दौरान रास्ते में जगह-जगह कपड़ा व्यापारियों समेत अन्य लोगों से संकल्प पत्र के सिलसिले में सुझाव लिए जाएंगे। जनता के सुझाव लेने के लिए सूरत महानगर के सभी विधानसभा क्षेत्र में 50-50 सुझाव पेटियां भी लगाई जाएगी और वेबसाइट तथा मोबाइल नंबर पर भी लोग सुझाव दे सकते हैं। वार्ता में बताया कि 11 नवम्बर को केंद्रीय मंत्री गिरिराजसिंह सूरत आएंगे और सचिन क्षेत्र में आयोजित हिन्दीभाषी सम्मेलन को संबोधित करेंगे। पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा महानगर इकाई अध्यक्ष निरंजन झांझमेरा, महामंत्री किशोर बिंदल, विधायक विवेक पटेल, पूर्व महापौर डॉ. जगदीश पटेल समेत अन्य मौजूद थे।

भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष शर्मा ने भेजा इस्तीफा


सूरत. गुजरात विधानसभा चुनाव में नित नई राजनीतिक उठापटक की खबरें सामने आ रही है। इसी कड़ी में मंगलवार सुबह चंद्रग्रहण का सूतक काल शुरू होते ही सूरत महानगर से भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष पीवीएस शर्मा के इस्तीफे की जानकारी सामने आई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल को भेजे त्याग पत्र में भाजपा महानगर इकाई के पूर्व उपाध्यक्ष व सूरत महानगरपालिका की पानी समिति के चेयरमैन रह चुके पीवीएस शर्मा ने बताया कि कई कारणों से पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के मेरे साथ द्वेषभाव रखने की वजह से वे भाजपा के सक्रिय व प्राथमिक सदस्य पद से इस्तीफा दे रहे हैं। पत्र में शर्मा ने कई पुरानी घटनाओं का जिक्र भी किया। पूर्व आयकर अधिकारी पीवीएस शर्मा के भाजपा से इस्तीफा देने के साथ ही राजनीतिक अटकलों का बाजार भी गर्म हो गया और चर्चा होने लगी है कि वे लिंबायत, उधना व मजूरा सीट से कांग्रेस अथवा आम आदमी पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं। गौरतलब है कि पीवीएस शर्मा एक समय में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल के खूब नजदीकी के रूप में भी रह चुके हैं।

Hindi News / Surat / BJP NEWS: कपड़ा बाजार में लेंगे व्यापारियों व अन्य लोगों से सुझाव

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.