bell-icon-header
सूरत

वराछा और वेडरोड में कटी दो महिलाओं की चोटी

विभिन्न राज्यों में महिलाओं की चोटी कटने की घटनाओं के बाद गुजरात के विभिन्न शहरों में भी इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं

सूरतAug 14, 2017 / 10:26 pm

शंकर शर्मा

Womens Choti Cut

सूरत. विभिन्न राज्यों में महिलाओं की चोटी कटने की घटनाओं के बाद गुजरात के विभिन्न शहरों में भी इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। रविवार को शहर के वराछा और वेडरोड क्षेत्र में चोटी कटने की घटनाओं से लोगों में दहशत फैल गई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हालांकि इन्हें मास हिस्टीरिया संबंधी घटनाएं माना जा रहा है।

पहली घटना शनिवार रात वराछा के गणेशनगर में हुई। यहां रहने वाला मराठी दम्पती रात को सो रहा था। एक से डेढ़ बजे के बीच दरवाजा खटखटाने की आवाज आई। बाद में देखा तो महिला की चोटी कटी हुई थी। महिला ने चिल्लाना शुरू किया तो पड़ोसी जाग गए। चोटी कटने की खबर से लोगों में दहशत फैल गई। घटना के बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई और उसे अस्पताल ले जाया गया। जानकारी मिलने पर वराछा और क्राइम ब्रांच पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। दूसरी घटना रविवार सुबह वेडरोड क्षेत्र में सामने आई।
वेडरोड बहुचराजीनगर निवासी महिला घर में काम कर रही थी, तभी एक युवक आया और सिर पर लकड़ी से वार करने के बाद चोटी काट कर भाग गया। यह हकीकत महिला के पुत्र ने बताई। इसके बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। महिला को अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। चोटी काटने की घटनाओं को लेकर लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस इन घटनाओं को मास हिस्टीरिया या अफवाह से जोडक़र देख रही है।
मांगरोल में भी चोटी कटी
बारडोली. सूरत जिले की मांगरोल तहसील में सिविल कोर्ट के पास रहने वाली एक महिला की चोटी कटने का मामला सामने आया है। रीना महेश सोलंकी नाम की यह महिला रविवार को घर में सो रही थी, तभी उसे एक छोटा बच्चा दिखाई दिया। उसने महिला के बाल पकड़ कर नीचे गिरा दिया और थप्पड़ मारा। बाद में महिला को अपनी चोटी कटी हुई मिली। इस घटना के बाद आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल है।

Hindi News / Surat / वराछा और वेडरोड में कटी दो महिलाओं की चोटी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.