bell-icon-header
खास खबर

राजस्थान में सबसे तेज बाड़मेर में चमका सूरज, पारा पहुंचा 48 डिग्री पर, सीजन का सबसे गर्म दिन

अधिकतम तापमान सीजन में अब तक का सबसे अधिक बुधवार को 48.0 डिग्री रेकार्ड किया गया। दिन के साथ रात भी गर्म है और पारा 32.6 डिग्री है। अधिकतम और न्यूतनम तापमान क्रमश: सामान्य से 5.7 व 5.1 डिग्री दर्ज हुआ।

बाड़मेरMay 22, 2024 / 10:29 pm

Mahendra Trivedi

सडक़ पर दिन में दो बार पानी की बौछारें

भीषणतम गर्मी से जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। अधिकतम तापमान सीजन में अब तक का सबसे अधिक बुधवार को 48.0 डिग्री रेकार्ड किया गया। दिन के साथ रात भी गर्म है और पारा 32.6 डिग्री है। अधिकतम और न्यूतनम तापमान क्रमश: सामान्य से 5.7 व 5.1 डिग्री दर्ज हुआ। बाड़मेर में आसमान में आग बरसती रही। सडक़ें भट्टी की तरह तप गई। राहगीरों और वाहन चालकों का सडक़ों पर चलना मुश्किल हो गया। बाड़मेर में मंगलवार के मुकाबले तापमान में 2 डिग्री का उछाल आया है। आगामी 10 दिनों तक हीटवेव और भीषण गर्मी का अलर्ट है।

छतों पर लगी टंकियों में पानी उबल रहा

गर्मी और हीटवेव का असर पिछले छह दिनों से अपने चरम पर है। सीजन का सबसे गर्म दिन बुधवार को दर्ज हुआ। पिछले सात दिन से हालात यह है कि रात और दिन में गर्मी का लगातार भीषण रूप देखने में आ रहा है। राहत कहीं नहीं है। घरों की छतों पर लगी टंकियों में पानी उबल रहा है। सुबह 7 बजे भी टंकियों का पानी उबलता आ रहा है। ऐसा महसूस हो रहा है रात के बाद सीधे ही दोपहर हो रही है, धूप इतनी तेज निकल रही है कि सूरज सुबह से तपन देना शुरू कर देता है।

कूलर के बाद अब एसी भी फेल

सीवियर हीट वेव चल रही है। गर्मी इस कदर है कि पुराने व कमजोर एसी व कूलर फेल हो गए हैं। बीती रात न्यूनतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह तापमान सूर्योदय के कुछ समय पहले सुबह साढ़े पांच बजे आसपास का है। वहीं आधी रात में तापमान 36 से 37 डिग्री के मध्य झुलसा रहा है।

रात और दिन में एक जैसी गर्मी

दिनभर तपी हुई गर्म इमारतों से टकरा कर आ रही गर्म हवाएं और घरों व इमारतों से निकलने वाली तपिश के कारण रात भी दिन जैसे ही गर्म महसूस हो रही है भोर के साथ आसमां से अंगारें बरसने वाली स्थिति हो गई। दोपहर 12 बजे ही असहनीय स्थिति रही। अपराह्न बाद बादलों की आवाजाही शुरू हो गई। गर्मी के साथ उमस ने पसीने छुड़ा दिए।

सडक़ पर दिन में दो बार पानी की बौछारें

गर्मी से राहत के लिए शहर की सडक़ों पर दमकलों से पानी डाला जा रहा है। बाड़मेर में बुधवार को प्रचंड गर्मी के चलते दिन में दो बार दमकलों से सडक़ों को भिगोया गया। तब जाकर लोग सडक़ों पर चल पाए। आग उगलती सडक़ों पर पैर रखना में जलन महसूस हो रही थी।

48 डिग्री तापमान : स्वास्थ्य पर खतरनाक असर

चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार 48 डिग्री सेल्सियस तापमान में शरीर में पानी की भारी कमी हो जाती है। देर तक बनी रहती है तो इसके गंभीर नतीजे में हीट स्ट्रोक, हार्ट स्ट्रोक या ब्रेन हैमरेज भी हो सकता है। डिहाइड्रेशन यानी शरीर में पानी व नमक की कमी भी हो जाती है। इससे माशपेशियों में ऐंठन, घबराहट, बैचेनी, ब्लड प्रेशर कम हो सकती है। इस स्थिति में कोई व्यक्ति बेहोश हो जाता है तो उसके लिए खतरा और बढ़ जाता है।

Hindi News / Special / राजस्थान में सबसे तेज बाड़मेर में चमका सूरज, पारा पहुंचा 48 डिग्री पर, सीजन का सबसे गर्म दिन

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.