bell-icon-header
खास खबर

राजस्थान के कई जिलों में फिर से हीटवेव का असर, पूरब में बादलों का डेरा, पश्चिम में बरसे अंगारे

जयपुर में छाए बादल, गर्मी से मिली राहत

जयपुरJun 11, 2024 / 01:49 pm

MOHIT SHARMA

oppo_4

जयपुर. दक्षिण पश्चिमी मानसून मुंबई पहुंचने के बाद प्रदेश में अब प्री मानसून गतिविधियां जल्द शुरू होने वाली हैं। कुछ जिलों में छिटपुट बौछारों का दौर बीते 24 घंटे में जारी रहा, वहीं बीकानेर और भरतपुर संभाग में अगले एक दो दिन भीषण हीटवेव का दौर रहने का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है। पश्चिमी जिलों में दिन के तापमान में दो तीन डिग्री तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। वहीं प्रदेश के 9 जिलों में आज धूलभरी हवा चलने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने के आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर से मिली जानकारी के अनुसार पिछले 24 घंटों में राज्य के दक्षिणी भागों को छोडक़र अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री वनस्थली टोंक में दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में राज्य के दक्षिणी व पश्चिमी भागों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ वर्षा दर्ज की गई है। सर्वाधिक वर्षा 46 एमएम धमबोला डूंगरपुर में दर्ज की गई। आगामी दिनों में राज्य के दक्षिणी व पश्चिमी भागों में आंधी बारिश की गतिविधियां दर्ज होने की संभावना है। आगामी दिनों में राज्य के उत्तरी भागों में अधिकतम तापमान में 1-2 डिग्री बढ़ोतरी होने तथा 12-13 जून के दौरान बीकानेर, भरतपुर संभाग में अधिकतम तापमान 44-45 डिग्री दर्ज होने, कहीं कहीं हीटवेव चलने की संभावना है तथा कहीं कहीं तेज सतही हवाएं चलने की सम्भावना है।
बीते 24 घंटे में पिंकसिटी समेत कई जिलों में दिन में पारे में फिर से उछाल दर्ज किया गया। जयपुर में पारा तीन डिग्री तक बढक़र 43 डिग्री के पार पहुंच गया। टोंक के वनस्थली में दिन में सर्वाधिक 44.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रेकॉर्ड हुआ।

Hindi News / Special / राजस्थान के कई जिलों में फिर से हीटवेव का असर, पूरब में बादलों का डेरा, पश्चिम में बरसे अंगारे

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.