सिवनी

यात्री सुविधा समिति के सदस्यों ने रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण

सदस्य बोले, दो माह में सिवनी को मिलेगी खुशखबरी

सिवनीJan 11, 2023 / 09:57 pm

akhilesh thakur

यात्री सुविधा समिति के सदस्यों ने रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण

सिवनी. छिंदवाड़ा-सिवनी-नैनपुर तक बड़ी रेल लाइन बिछने, सीआरएस होने के बाद भी अब तक सवारी गाड़ी का परिचालन शुरू नहीं हो पाया है। सात साल पूर्व नैरोगेज को ब्राडगेज (बड़ी रेल लाइन) में बदलने के लिए मेगा ब्लॉक लिया गया था। यह ब्लॉक ढाई वर्ष के लिए था।
उक्त निर्धारित समय के साथ साढ़े चार साल से अधिक विलंब होने के बाद भी सवारी गाड़ी (ट्रेन) का इंतजार जारी है। इसको लेकर जिलेवासियों में आक्रोश है।

इन सबके बीच बुधवार को स्थानीय रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का जायजा लेने यात्री सुविधा समिति के सदस्य पहुंचे। उन्होंने रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इसके बाद मीडिया से बातचीत में कार्यों के विलंब की बात को स्वीकारने के साथ ही दो माह में खुशखबरी मिलने की बात कही।

रेल मंत्रालय (रेलवे बोर्ड) ने यात्री सुविधा को ध्यान में रखते हुए यात्री सुविधा समिति का गठन किया है। यह समिति रेलवे स्टेशनों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का जायजा लेकर रेल मंत्रालय को रिपोर्ट देती है ताकि रेल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान किया जा सकें। उक्त समिति के सदस्य विभाश्वनी अवस्थी, कैलाश वर्मा, डॉ. राजेन्द्र फड़के तथा अभिजीत दास बुधवार को सिवनी स्टेशन पर पहुंचे।
उन्होंने उपलब्ध यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यात्री प्रतिक्षालय, प्रसाधन, पेयजल व्यवस्था, प्लेटफार्म में यात्रियों के लिए बैठने की व्यवस्था तथा सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को देखा। स्टेशन परिसर में उपलब्ध यात्री सुविधाओं एवं सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सदस्यों के अलावा अपर मंडल रेल प्रबंधक एके सूर्यावंशी, वरि. मंडल वाणिज्य प्रबंधक रवीश कुमार सिंह तथा पर्यवेक्षक व रेलकर्मी उपस्थित रहे। सिवनी/बालाघाट सांसद डॉ. ढाल सिंह बिसेन भी रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। सदस्यों ने उनसे बातचीत की और निरीक्षण के संबंध में बताया।
एक सवाल के जवाब में समिति के सदस्यों ने कहा कि विलंब जरूर हुआ है, लेकिन इसका फायदा बहुत जल्द मिलेगा। डेढ़ माह में इलेक्ट्रिफिकेशन का कार्य पूरा हो जाएगा। दो माह में सिवनी से ट्रेन का संचालन शुरू हो सकता है।

Hindi News / Seoni / यात्री सुविधा समिति के सदस्यों ने रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.