bell-icon-header
सीहोर

28 नवंबर से शुरू होगी धान की खरीदी, 2040 रुपए में बिकेगा

चिन्हित सेंटरों पर सुबह 8 से रात 8 बजे तक धान खरीदा जाएगा, जिसके दाम 2040 रुपए से 2060 रुपए तक होंगे।

सीहोरNov 13, 2022 / 04:12 pm

Subodh Tripathi

28 नवंबर से शुरू होगी धान की खरीदी, 2040 रुपए में बिकेगा

सीहोर. 28 नवंबर से इस बार धान की खरीदी शुरू हो जाएगी, जो 16 जनवरी 2023 तक चलेगी, इस दौरान जिन किसानों ने रजिस्ट्रेशन करा लिया है, वे अपना धान बेच सकते हैं, चिन्हित सेंटरों पर सुबह 8 से रात 8 बजे तक धान खरीदा जाएगा, जिसके दाम 2040 रुपए से 2060 रुपए तक होंगे।

जिले में इस बार 22 उपार्जन केंद्रों पर किसानों से धान खरीदी जाएगी। इसकी शुरुआत 28 नवंबर से होगी और 16 जनवरी तक खरीदी कार्य चलेगा। जिला आपूर्ति विभाग ने धान खरीदी को लेकर अभी से ही तैयारी शुरू कर दी है।जिससे कि खरीदी के दौरान किसानों को किसी तरह से परेशानी का सामना नहीं करना पड़े और व्यवस्था बनी रहे। जानकारी के अनुसार 11 हजार 73 किसानों ने उपार्जन केंद्रों पर धान बेचने पंजीयन कराया है। इस बार खरीदी कार्य सोमवार से शुक्रवार पांच दिन ही सुबह आठ से रात आठ बजे तक चलेगा। हालांकि इसमें किसानों को उपज का तौल कराने केंद्र पर तौल पर्ची कटवाने शाम 6 बजे तक का समय रहेगा। इसके बाद किसी किसान की तौल पर्ची नहीं काटी जाएगी।

नार्मल धान 2040 और धान ग्रेड ए 2060 रुपए प्रति क्विंटल

शासन ने इस साल धान का समर्थन मूल्य निर्धारित कर दिया है। नार्मल धान 2040 और धान ग्रेड ए 2060 रुपए प्रति क्विंटल के भाव खरीदी जाएगी। इसका भुगतान सीधे पंजीकृत उन्हीं किसानों के खातों में होगा जिनका खाता आधार से लिंक है। जिला आपूर्ति अधिकारी एसके तिवारी ने बताया कि अभी पंजीकृत 225 किसानों के खाते से आधार लिंक नहीं है। यदि जल्द खाते से आधार लिंक नहीं हुआ तो उपज बेचने के बाद भुगतान में समस्या आएगी।


इन क्षेत्रों में लगाई गई है धान

बुदनी, रेहटी क्षेत्र के सबसे अधिक किसान धान की खेती करते हैं। कृषि विभाग की मानें तो मोटे धान की 20 से 25 क्विंटल और बासमती की 15 से 16 क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से पैदावार होती है। मोटे धान को समर्थन मूल्य केंद्र पर खरीदा जाता है, जबकि बासमती को कई कंपनियां और बाहरी लोग सीधे खरीदकर ले जाते हैं। वहीं, कुछ किसान मंडी ले जाकर भी बेचते हैं। किसानों को बासमाती धान का ज्यादा भाव मिलने से अच्छा मुनाफा होता है।

यह भी पढ़ें : साइलेंट किलर है डायबिटीज, ये लक्षण नजर आएं तो तुरंत लें डॉक्टर की सलाह

इस साल 22 केंद्रों पर धान की खरीदी होगी। इसकी शुरुआत 28 नवंबर से होगी और 16 जनवरी तक चलेगी। हमारी तरफ से धान खरीदी को लेकर तैयारी शुरू कर दी है।

-एसके तिवारी, जिला आपूर्ति अधिकारी सीहोर

Hindi News / Sehore / 28 नवंबर से शुरू होगी धान की खरीदी, 2040 रुपए में बिकेगा

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.