scriptनगीना सीट से चुनाव लड़ रहे असपा प्रमुख चंद्रशेखर को मिली जान से मारने की धमकी | Threat to kill Bhim Army Chief Lok Sabha candidate Chandrashekhar | Patrika News
सहारनपुर

नगीना सीट से चुनाव लड़ रहे असपा प्रमुख चंद्रशेखर को मिली जान से मारने की धमकी

नगीना लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर को किसी अज्ञात व्यक्ति ने गोली मारकर हत्या कर देने की धमकी दी है। एसएसपी से मामले की शिकायत की गई है।

सहारनपुरApr 05, 2024 / 12:05 am

Shivmani Tyagi

 Bhim Army Chief Lok Sabha candidate Chandrashekhar

भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर का फाइल फोटो

आजाद समाज पार्टी के संस्थापक और भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर फिर सुर्खियों में हैं। इस बार उन्हे किसी ने सोशल मीडिया के जरिए जान से मारने की धमकी दी है। नगीना लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरे भीम आर्मी प्रमुख एवं आजाद समाज पार्टी के संस्थापक चंद्रशेखर को मिली धमकी के बाद आजाद समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष एसएसपी से मिले हैं। सहारनपुर एसएसपी डाॅक्टर विपिन ताडा से मिले असपा जिला अध्यक्ष करणवीर सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक ऑडियो में चंद्रशेखर को जान से मारने की धमकी दी गई है। इस ऑडियो में एक युवक चंद्रशेखर को साफ शब्दों में गोली मारने की धमकी दे रहा है। धमकी देने वाला कौन है ? इस धमकी के पीछे क्या उद्देश्य है और क्या दुश्मनी है इस बारे में अभी कोई भी जानकारी नहीं लग पाई है।
जिलाध्यक्ष के साथ आए पार्टी के अन्य पदाधिकारियों ने इस पूरे प्रकरण की जांच कराए जाने के साथ-साथ धमकी देने वाले को गिरफ्तार कराए जाने की मांग की है। आपको बता दें कि करीब 8 महीने पूर्व देवबंद में भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर पर हमला हुआ था। गोली उनकी कार के शीशे तो चकनाचूर करते हुए चंद्रशेखर को छूकर निकल गई थी। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था। हाल ही में उन्हें मेरठ के एक व्यक्ति ने भी जान से मारने की धमकी दी थी जिसके बाद चंद्रशेखर को y श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई थी। अब एक बार फिर उन्हें जान से मारने की धमकी मिली है।

Hindi News/ Saharanpur / नगीना सीट से चुनाव लड़ रहे असपा प्रमुख चंद्रशेखर को मिली जान से मारने की धमकी

ट्रेंडिंग वीडियो