रायपुर

Khelo India Youth Games 2022: अपना ही रिकॉर्ड तोड़ ज्ञानेश्वरी यादव ने वेटलिफ्टिंग में हासिल किया प्रदेश का पहला स्वर्ण पदक

Khelo India Youth Games 2022: वेटलिफ्टिंग में प्रदेश के खिलाड़ियों ने हासिल किए 2 पदक। ज्ञानेश्वरी ने कुल 164 किलोग्राम भार उठाकर हासिल किया प्रदेश का पहला स्वर्ण पदक।

रायपुरJun 06, 2022 / 08:00 pm

CG Desk

Khelo India Youth Games 2022 : रायपुर. हरियाणा के पंचकूला में चल रहे खेलो इंडिया गेम्स के दूसरे दिन में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रदेश की बेटी ज्ञानेश्वरी ने रविवार को अपना ही रिकॉर्ड तोड़ 164 किलोग्राम भार उठाकर स्वर्ण पदक जीता। इस जीत के साथ छत्तीसगढ़ ने प्रतियोगिता में अपना पहला स्वर्ण पदक हासिल कर लिया है।

वेटलिफ्टिंग में राज्य को दो पदक
भारोत्तोलन (वेटलिफ्टिंग) में राजनांदगांव जिले की निवासी ज्ञानेश्वरी यादव ने 49 किलोग्राम भार वर्ग में 76 किलोग्राम और 88 किलोग्राम क्लीन एंड जर्क में कुल 164 किलोग्राम वजन उठाकर छत्तीसगढ़ के लिए स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा वेटलिफ्टर राजा भारती ने पुरुषों के 55 किलोग्राम भार वर्ग में 96 किलोग्राम स्नैच और 115 किलोग्राम क्लीन एंड जर्क को कुल 211 किलोग्राम भार उठाकर कांस्य पदक हासिल किया है। प्रदेश के ही विकास लहर प्रतियोगिता में पांचवें स्थान पर रहे।

13 खेलों में प्रदेश के 122 खिलाड़ी और 6 वेटलिफ्टर्स
हरियाणा में आयोजित इस खेलो इंडिया यूथ गेम्स प्रतियोगिता के 13 खेलों में प्रदेश के 122 खिलाड़ी प्रतिभागी के रूप में गए हुए हैं। कुल 122 खिलाड़ियों में से छह खिलाड़ी वेटलिफ्टिंग (Wieghtlifting) की प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। इनमें तीन महिला वर्ग और तीन पुरुष वर्ग विभिन्न भार वर्ग प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे हैं। पुरुष टीम में विकास लहरे, राजा भारती, नवजोत सिंह और महिला खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव, एकता बंजारे और रिमझिम मेंगी शामिल हैं।

विजेताओं को प्रोत्साहन राशि देगी सरकार
प्रदेश की सरकार व्यक्तिगत खेल स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतने वाले प्रत्येक खिलाड़ी को 2 लाख रुपये का इनाम देने वाली है। इसके अलावा रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 1.5 लाख रुपये और कांस्य पदक जितने वाले खिलाड़ियों को 1 लाख रुपये की धन राशि प्रदान की जाएगी। वहीं टीम खेलों में विजेता टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को स्वर्ण पदक जीतने पर 1 लाख रुपये, रजत पदक जीतने पर 75,000 रुपये और कांस्य पदक जीतने पर 50,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर चुकीं है ज्ञानेश्वरी यादव
बता दें, ज्ञानेश्वरी विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतने वाली छत्तीसगढ़ की पहली वेटलिफ्टर हैं। हालांकि इससे पहले भी राज्य के अनेक खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं पर सभी पदक हासिल करने में नाकाम रहे। ज्ञानेश्वरी स्वयं इस पदक को जीतने से पहले अनेक बार राष्ट्रीय स्तर पर पदक हासिल कर चुकीं हैं परंतु ग्रीस में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह उनकी पहली जीत थी। ग्रीस में उठाए गए भार का ज्ञानेश्वरी का अब तक का रिकॉर्ड उन्होंने स्वयं ही पंचकूला के खेलो इंडिया प्रतियोगिता में तोड़ा है।

Hindi News / Raipur / Khelo India Youth Games 2022: अपना ही रिकॉर्ड तोड़ ज्ञानेश्वरी यादव ने वेटलिफ्टिंग में हासिल किया प्रदेश का पहला स्वर्ण पदक

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.