bell-icon-header
रायपुर

आमने-सामने : रायपुर पश्चिम में कांग्रेस-भाजपा प्रत्याशियों के बीच 5 साल बनाम… 15 साल के कार्यों को लेकर सियासी जंग

CG Politics : विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा अब धीरे-धीरे ऊफान मार रहा है।

रायपुरOct 21, 2023 / 07:51 am

Kanakdurga jha

रायपुर पश्चिम में कांग्रेस-भाजपा प्रत्याशियों के बीच 5 साल बनाम

रायपुर। CG Politics : विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा अब धीरे-धीरे ऊफान मार रहा है। रायपुर पश्चिम विधानसभा में पिछले बार के दोनों प्रत्याशी फिर से मैदान में है। दोनों प्रत्याशियों के बीच अब 5 साल बनाम 15 के कार्यों को लेकर सियासी जंग छिड़ी हुई है। भाजपा ने इस सीट से अपने पूर्व मंत्री राजेश मूणत को मैदान में उतारा है, तो कांग्रेस ने अपने वर्तमान विधायक विकास फिर से टिकट दिया है।
चुनाव मैदान में दोनाें ही अपने-अपने कार्यकाल में किए गए कार्यों को लेकर जनता को अपने-अपने पक्ष में करने में लगे हुए। साथ ही सियासी आरोप-प्रत्यारोप भी एक-दूसरे पर जमकर लगा रहे हैं। इस चुनाव में उनके क्या नए वादे होंगे, उनके कार्यकाल का उल्लेखनीय बड़े कार्य और ऐसे कौन से कार्य जिसे पूरा नहीं करा पाने का मलाल हैं। इन्हीं सब सवालों के जवाब दोनों प्रत्याशियों से पत्रिका ने पूछे।
पढ़िए सवाल और जवाब —
1. सवाल – इस चुनाव में आप क्या मैसेज लेकर जनता के बीच जाएंगे, क्या वादा करके वोट मांगेंगे ?
विकास उपाध्याय : इस चुनाव में हम अपने पांच साल के कार्यों को लेकर जनता के बीच में जाएंगे। जनता को बताएंगे कि पांच साल के कार्यकाल में पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में करीब दो हजार करोड़ के विकास कार्य किए हैं। 15 साल में भाजपा ने जहां विकास कार्य नहीं किए थे, वहां हमने कार्य किया है। इस बार भी जनता से वादा करेंगे कि शहर की लाइफ लाइन खारुन नदी में पांच साल में रिवर फ्रंट, अवैध को कॉलाेनियों को वैध, रेल पटरी के दोनों तरफ रहने वाले कॉलोनियों-बस्तियों के लोगों की आवाजाही के लिए प्रमुख जगहों पर फुट ओवर ब्रिज बनाए जाएंगे। इसके अलावा पूरे क्षेत्र में बिजली-पानी, साफ-सफाई सहित अधोसंरचना के कार्य प्रमुखता से कराए जाएंगे।
यह भी पढ़ें : आचार संहिता के बीच 21.56 लाख के गार्बेज रिक्शों की सप्लाई, चिरगुड़ा पंचायत ने लौटाए


राजेश मूणत : चुनाव में पांच साल में कांग्रेस सरकार की नाकामी जनता को प्रमुखता से बताएंगे। किस तरह से राजधानी रायपुर में गुंडागर्दी, नशीले पदार्थों की बिक्री, शहर के सड़कों की दुर्दशा, विकास कार्य के नाम पर जीरो प्रदर्शन यही बताएंगे जनता को। भाजपा ने 15 साल में विधानसभा क्षेत्र में कितना विकास कार्य किया है इसे जनता अच्छे से जानती है, फिर दोबारा बताएंगे। रही बात वादा की तो भाजपा सबका साथ,सबका विकास नारे को लेकर काम करती है, यही वादा करेंगे क्षेत्र की जनता से।
2. चुनाव जीतने के बाद जनता के लिए आपकी पहली प्राथमिकता क्या होगी ?
विकास उपाध्याय : आचार संहिता के पहले जिन कार्यों का भूमिपूजन हुआ है, उसे शीघ्र पूरा कराएंगे। जैसे, खारुन रिवर फ्रंट सहित अन्य कार्य शामिल हैं। साथ ही जिन लोगों को पट्टा नहीं मिला है, उन्हें पट्टा वितरण किया जाएगा।
राजेश मूणत : कांग्रेस शासन में सड़कों की जो दुर्दशा की गई है, उसे ठीक कराएंगे। लोगों के घरों में स्वच्छ पेयजल के लिए अमृत मिशन के कार्यों को शीघ्र पूरा कराएंगे। इसके बाद बाकी कार्य लोगों की प्राथमिकता के आधार पर करेंगे।
यह भी पढ़ें : CG Election 2023 : कांग्रेस प्रत्याशियों की घोषणा के बाद चुनावी मुकाबले की तस्वीर हुई साफ

3. आपकी सीट में 5 सालों में कितना विकास कार्य हुआ है? 5 बड़े काम बताइए।
विकास उपाध्याय : रामनगर अंडर ब्रिज, तेलघानी नाका ओवर ब्रिज, आठ स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, 20 वार्डों 22 हमर अस्पताल, एक इंग्लिश मीडियम स्वामी आत्मानंद कॉलेज अटारी में शामिल हैं।
राजेश मूणत : साइंस कॉलेज के खेल मैदान में चौपाटी खोलकर यूथ हब के नियमों का उल्लंघन, जीई रोड में आमानका से एनआईटी तक हुए सौंदर्यीकरण को तबाह कर दिया गया, रोड किनारे अवैध ठेले खड़े करवा कर अवैध वसूली शुरू, 2017 जिन कार्यों का हमने भूमिपूजन किया था उसमें उन्होंने अपना फोटो बस लगाया, क्षेत्र के प्रमुख मार्गो से लेकर कॉलोनियों की सड़कों को खोदापुर बना दिया।
4. क्षेत्र में कुछ महीनों से हॉट इशू रही साइंस कॉलेज की चौपाटी अब शुरू होने को है, इससे स्टूडेंट को फायदा या नुकसान, एजुकेशन हब कब बनेगा, आपका स्टैंड क्या है??
विकास उपाध्याय : चौपाटी का टेंडर हो चुका है, निजी एजेंसी को टेंडर दिया गया है। चार-पांच दुकानें एजेंसी ने किराए पर भी दे दी है। शीघ्र चाैपाटी गुलजार होगी। इससे विश्वविद्यालय और आसपास के कॉलेजों स्टूडेंट्स के साथ-साथ आसपास के रहवासियों को फायदा होगा। एजुकेशन हब तो बन चुका है, समय के साथ इसका विस्तार किया जाएगा।
यह भी पढ़ें : मतदान दलों को कराया मतदान कराने का अभ्यास


राजेश मूणत : साइंस कॉलेज की चौपाटी के नाम पर एजुकेशन हब की परिकल्पना की धज्जियां उड़ाई जा रही है। चौपाटी शुरू होने के बाद असामाजिक तत्वों का जमावड़ा होगा। विश्वविद्यालय और कॉलेजों में पढ़ने वाले स्टूडेंट्स को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। कांग्रेस सरकार ने शहर में पहले भी करीब पांच जगहों पर चौपाटी खोली थी, उनकी स्थिति क्या है शहरवासियों को पता है।
5. अपने कार्यकाल का कोई अफ़सोस, कोई कमी, कोई ऐसी बात जो आप पूरी नहीं कर पाए ?
विकास उपाध्याय : हमने अपने कार्यकाल में क्षेत्र की जनता की समस्याओं और मांगों को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ी रही है। इसलिए कोई अफसोस नहीं है, जो कार्य रह गए हैं, उसे चुनाव के बाद कराएंगे।
राजेश मूणत : मेरे 15 साल के कार्यकाल में रायपुर पश्चिम में जितना कार्य हुआ है, उतना किसी भी विधानसभा क्षेत्र में नहीं हुआ है। ये बात रायपुर के अलावा अन्य शहराें के लोग भी जानते हैं। मैं अपने कार्यकाल से पूरी तरह से संतुष्ट हूं, कोई अफसोस नहीं है।

Hindi News / Raipur / आमने-सामने : रायपुर पश्चिम में कांग्रेस-भाजपा प्रत्याशियों के बीच 5 साल बनाम… 15 साल के कार्यों को लेकर सियासी जंग

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.