bell-icon-header
प्रयागराज

नवरात्रि में ATS सम्हालेगी उस शक्तिपीठ की सुरक्षा व्यवस्था, जहां होती है मां दुर्गा के तीन रूपों की पूजा

मंगलवार से नवरात्रि प्रारंभ हो रही है। मंदिरों में मां जगदंबा की पूजा के लिए श्रध्दालुओं का भी आगमन शुरू हो गया है। वहीं इस साल यूपी का एक शक्तिपीठ ऐसा है, जहां पर एटीएस को सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है।

प्रयागराजApr 08, 2024 / 09:38 pm

Krishna Rai

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के विन्ध्याचल में मां विन्ध्यवासिनी का मंदिर स्थित है। यहां नवरात्रि में विशाल मेला लगता है, और हर दिन लाखों श्रध्दालु आकर मां का दर्शन करते हैं। गंगा के किनारे बसे मां विन्ध्यवासिनी धाम की महिमा बहुत अनोखी है। नवरात्रि में यहां यूपी के अलावा देश के कोने कोने से आकर लोग पूजन हवन करते हैं। नवरात्रि के दौरान यहां की सुरक्षा व्यवस्था भी बहुत बड़ी चुनौती होती है। विन्ध्याचल में इस बार सुरक्षा के और पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मां विन्ध्यवासिनी दरबार की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी आतंकवाद निरोधक दस्ता ATS को दी गई है। इसके अलावा अर्ध सैनिक बल और लगभग तीन हजार पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए हैं।
विन्ध्याचल में होती है मां भगवती के तीन रूपों की पूजा
विन्ध्याचल में बसी मां विन्ध्यवासिनी की कृपा बहुत ही अनोखी मानी जाती है। मान्यता है कि दरबार में आने वाले हर श्रध्दालु की मनोकामना पूर्ण होती है। सबसे खास बात यह है कि यहां मां विन्ध्यवासिनी महासरस्वती, महालक्ष्मी और महाकाली तीनों रूपों में विराजमान हैं। विन्ध्याचल के मुख्य श्रृंगारिया शिवजी मिश्रा ने बताया कि यहां दर्शन पूजन करने वाले भक्तों पर तीनों रूपों की कृपा होती है।

Hindi News / Prayagraj / नवरात्रि में ATS सम्हालेगी उस शक्तिपीठ की सुरक्षा व्यवस्था, जहां होती है मां दुर्गा के तीन रूपों की पूजा

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.