bell-icon-header
प्रतापगढ़

दो साल बाद जाखम बांध से आई खुशखबरी, छलक उठा बांध…ग्रामीणों के चेहरे पर छाई मुस्कान

Jakham Dam: जिले में इस वर्ष मानसून के अंतिम दौर में अच्छी बारिश हुई जिससे जहां सभी बांध लबालब हो गए।

प्रतापगढ़Sep 18, 2024 / 04:25 pm

Supriya Rani

Pratapgarh Weather Today: जिले में इस वर्ष मानसून के अंतिम दौर में अच्छी बारिश हुई जिससे जहां सभी बांध लबालब हो गए। वहीं जिले का सबसे बड़ा बांध जाखम बांध भी लबालब हो गया है। इससे आमजन के साथ किसानों में खुशी की लहर है। क्षेत्र के काश्तकारों की उम्मीद संभाग का सबसे ऊंचे एवं जिले का जाखम बांध इस वर्ष लबालब हो गया है। यह बांध 31 मीटर की भराव क्षमता के मुकाबले सोमवार शाम तक 30.85 मीटर तक पहुंच गया।
जाखम बांध के हरिराम दुबे ने बताया कि जिला मुख्यालय से 28 किलोमीटर दूर सीतामाता वन्य जीव अभयारण्य के प्राकृतिक नैसर्गिक सौंदर्य के बीच जाखम बांध के लबालब होने एवं छलकने को लेकर किसानों में खुशी छाई हुई है।

धरियावद इलाके के लिए संजीवनी

jakham bandh
जाखम बांध की दो नहरें निकाली गई है जो पूरे धरियावद उपखंड में खेतों में सिंचाई करती है। इसमें 35 किमी दाई एवं 39 किमी बाई मुख्य नहरें निकाली हुई है जो धरियावद क्षेत्र की करीबन 28 हजार हैक्टेयर क्षेत्र से अधिक में रबी सीजन में सिंचाई होती हैं।

वर्ष 1986 में बना था बांध

जाखम बांध का निर्माण वर्ष 1986 में हुआ। बनने के बाद सबसे पहले 1987 में जाखम बांध से पानी नहरों से फसल सिंचाई के लिए छोड़ा गया था। जाखम जल संसाधन सिंचाई परियोजना की दो मुख्य नहरों के जरिए बांध का पानी धरियावद तहसील में प्रवेश कर छोटी नहरों एवं धोरों के जरिए क्षेत्र खेतों तक पहुंचता है।
जाखम बांध के पानी से रबी फसल की भरपूर पैदावर होने के चलते किसानों, काश्तकारों को अच्छी उपज होती है जिसके चलते इसे संजीवनी कहा जाता है।

यहां का पानी गुजरात होते हुए समुद्र में मिलता है

jakham bandh
जाखम बांध निर्माण के बाद से लेकर अब तक बंद है लेकिन किसी प्रकार का कोई गेट नहीं है। ऐसे में जब-जब भी बांध का पानी ओवर लो होता है। तब गेट के अभाव में बांध का पानी रपट के जरिए क्षेत्र से होकर गुजरात के कडाना बांध होते हुए समुद्र में जाकर मिलता है।

इतनी बार छलका बांध

जाखम बांध कई बार छलका है। जो वर्ष 1986 से लेकर 2022 तक 31 मीटर भराव क्षमता वाला जाखम बांध अब तक 21 बार छलका हैं। जिन-जिन वर्षों में बांध छलका उनमें 1986, 1988, 1989, 1990, 1991, 1993, 1994, 1996, 2001, 2004, 06, 11, 12, 13, 15, 16, 2017, 2018, 2019, 2020, 2022 को बांध ओवर लो होकर छलका था। इसके बाद इस वर्ष 2024 में फिर से छलका है।

2006 में चली सबसे बड़ी चादर

यहां जाखम बांध पर 31 मीटर भराव क्षमता आरएल 359.50 मीटर है। जाखम बांध के अब तक के इतिहास को देखा जाए तो वर्ष 2006 में बांध संग्रहण क्षेत्र में अत्याधिक बरसात के चलते उस समय जाखम बांध पर रिकॉर्ड 3 मीटर 50 सेमी की चादर चली। जो अब तक एक रिकॉर्ड दर्ज हैं। इतना ही नहीं महज तीन बार 2006, 2011 एवं 2013 जाखम बांध पर 2 मीटर या उससे अधिक की चादर चली थी।

गत वर्ष रहा था ढाई मीटर खाली

यह बांध अमूमन प्रत्येक वर्ष अच्छी बारिश होने पर अगस्त माह तक बांध ओवर लो होकर छलक जाता है। लेकिन गत वर्ष जल संग्रहण क्षेत्र में बरसात कम होने के चलते 31 मीटर भराव क्षमता वाले बांध में 28 मीटर से कुछ अधिक पानी की आवक थी। ऐसे में वर्ष 2023 में भी बांध करीबन ढाई मीटर से अधिक खाली रहा था।
यह भी पढ़ें

राजस्थान में सस्ती बजरी को लेकर बड़ी खबर, जानिए कहां अटक रहा रोड़ा

Hindi News / Pratapgarh / दो साल बाद जाखम बांध से आई खुशखबरी, छलक उठा बांध…ग्रामीणों के चेहरे पर छाई मुस्कान

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.