bell-icon-header
पाली

Watch Video : सावन के पहले सोमवार पर यहां शिवभक्तों ने दिखाया ऐसा उत्साह, महादेव को रिझाया

श्रद्धालुओं ने रुद्राष्टाध्यायी के मंत्रों के साथ किया अभिषेक

पालीJul 22, 2024 / 06:34 pm

Suresh Hemnani

सावन के पहले सोमवार पर पाली के सोमनाथ मंदिर में जला​भिषेक करती युवतियां।

First Monday of Sawan 2024 : नमःशम्भवाय च मयोभवाय च नमःशंकराय च मयस्कराय च नमः…, ओम त्र्यम्बकंयजामहेसुगन्धिं पुष्टिवर्धनम्… जैसे मंत्रों से श्रावण के पहले सोमवार को पाली जिला भगवान शिव के रंग में रंग गया। भोर होते ही इन्द्र देव ने आसमान से पानी बरसाकर महादेव को नमन किया। इसके बाद ओम नम: शिवाय… का जाप करते हुए श्रद्धालुओं का हुजूम शिवालयाें में पहुंचा। वहां भोलेनाथ के दरबार में मंत्रों का उच्चारण करते हुए जल, दूध, शहद, गन्ने के रस, गंगा जल सहित औषधियों से भगवान आशुतोष का का अभिषेक कर विश्वकल्याण की कामना की। भाल पर त्रिपुण निकालकर नमन किया। कई लोगों ने घरों में भगवान का पूजन व अभिषेक किया। मंदिरों में पूरे दिन श्रद्धालुओं की कतार लगी रही।

सोमनाथ महादेव मंदिर में उमड़े शिव भक्त

शहर के हृदय स्थल में विराजमान भगवान सोमनाथ के दरबार में सूर्य देव के रश्मियां बिखरने से पहले ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया। वहां भगवान का पूजन करने के बाद प्रसाद का वितरण किया गया। भगवान का फूलों से सुबह व शाम ऐसा श्रृंगार किया गया कि हर कोई निहारता रह गया। मंदिर परिसर में महिलाओं व पुरुषों ने भजन गाकर कैलाशपति का गुणगान किया।

व्रत व उपचार रखकर नवाया शीश

श्रावण का पहला सोमवार होने के साथ ही इस मास का पहला दिन भी होने से लोगों ने व्रत व उपवास रखे। कई शिव भक्तों ने पूरे माह बाल-दाढ़ी नहीं बनवाने सहित अन्य संकल्प किए। शहर के निहालेश्वर महादेव, ओमकारेश्वर, रत्नेश्वर, नंदेश्वर, पातालेश्वर, मंडलेश्वर, टैगोर नगर शिवालय, शिवाजी नगर मंदिर, राजेन्द्र नगर के शिवालय, नया गांव शिवालय के साथ अन्य मंदिरों में श्रद्धालुओं ने शिवाभिषेक किया।

परिजनों संग गए दर्शन करने

भगवान भोलेनाथ के दर्शन व आराधना के लिए कई लोग परिजनों व मित्रों के साथ परशुराम महादेव के दरबार में गए। वहीं कई श्रद्धालु अरावली की वादियों में विराजमान भगवान शिव के मंदिरों में धोक लगाई। पाली शहर के निकट मानपुरा भाखरी व अन्य शिवालयों में भी श्रद्धालुओं ने शीश नवाया।

Hindi News / Pali / Watch Video : सावन के पहले सोमवार पर यहां शिवभक्तों ने दिखाया ऐसा उत्साह, महादेव को रिझाया

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.