bell-icon-header
ओपिनियन

आपकी बात…विकसित भारत का निर्माण करने के लिए क्या किया जाना चाहिए ?

पाठकों की मिलीजुली प्रतिक्रियाएं मिलीं, पेश है चुनींदा प्रतिक्रियाएं…

जयपुरJun 03, 2024 / 04:18 pm

विकास माथुर

सरकारी योजनाओं का लाभ आम आदमी को मिले
सरकार की योजनाएं केवल वाहवाही लूटने के लिए नहीं, बल्कि वास्तविक रूप में लागू करने की इच्छाशक्ति दिखानी होगी। रोजगारपरक तकनीकी शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य, अच्छी खेती, सामरिक क्षेत्र में मजबूती व अनेक क्षेत्रों में दम दिखाना ​होगा। तभी चरणबद्ध तरीके से भारत विकसित होगा।
पी.सी. खंडेलवाल, त्यौदा सांभर लेक, जयपुर
………………………………………………
संसाधन विहीन लोगों को मिलना चाहिए काम
भारत के तीन चौथाई लोग संसाधन विहीन है। ये लोग भूमिहीन हैं। ये शोषित मजूदर वर्ग हैं, केवल मालिकों की दया पर निर्भर हैं। देश—दुनिया के बारे में जानने के लिए समय नहीं है। रोजगार के लिए हजारों किलोमीटर दूर आना—जाना पडता है। केंद्र सरकार इनको बिना काम दिए पांच—पांच किलो अनाज देकर निकम्मा बना रही है। इन्हें जीने के लिए रोजगार चाहिए, जिससे इनकी आय बढ़ सके। ऐसे में विकसित भारत का सपना केवल दिखावा साबित होगा।
—अशोक कुमार शर्मा, जयपुर।
……………………………………………….
शिक्षा, स्वास्थ्य के सा​थ सबको मिले रोजगार
आज़ादी के पचहतर बरसों के बाद भारत के पास, हर क्षेत्र में ढेरों उपलब्धियां हैं। फिर भी विकास कभी खत्म न होने वाली प्रक्रिया है। विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, गुणवत्तापूर्ण रोजगार, पेयजल आदि मूलभूत क्षेत्रों मे बहुत कुछ करने की आवश्यकता है।
  • नरेश कानूनगो, देवास, म.प्र.
    ……………………………………………………..
जनसंख्या वृद्धि पर लगाना होगा अंकुश
इसके लिए हमें अपनी जनसंख्या वृद्धि पर अंकुश लगाना होगा। इससे संसाधनों पर अनावश्यक दबाव पड़ता है। सरकार को रोजगार व स्वरोजगार का सृजन करना पड़ेगा। साथ ही स्वच्छ ऊर्जा जैसे सीएनजी, सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा आदि का प्रयोग करना होगा। स्वरक्षा के लिए आधुनिक हथियारों से देश को लैस होना होगा। राजनीति में सुधार की बहुत आवश्यकता है।
— रोहिताश भास्कर, कोटपुतली, राजस्थान
…………………………………………….
शिक्षा का व्यापक प्रचार प्रसार हो
शिक्षा, किसी भी देश के विकास में प्रभावशाली भूमिका निभाती है। अपराध, शिक्षा की कमी के कारण होते हैं। राष्ट्र की प्रगति आने वाली पीढ़ी को शिक्षित करके ही हो सकती है। शिक्षा केवल किताबी ही नहीं हो ​बल्कि यह मानव के कल्याण के लिए भी हो। ज्ञान आधारित शिक्षा अंहकार से मुक्त हो।
— प्रकृति पालीवाल, जयपुर
………………………………………
कौशल विकास को मिले बढ़ावा
विकसित भारत का निर्माण करने के लिए शिक्षा और कौशल विकास को प्राथमिकता देनी चाहिए। स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, रोजगार सृजन, और महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देना आवश्यक है। बुनियादी ढांचे जैसे सड़क, बिजली, और इंटरनेट का विस्तार किया जाना चाहिए। स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर जोर देना, कृषि और ग्रामीण विकास को प्रोत्साहित करना चाहिए।
— संजय माकोड़े, बैतूल, मध्यप्रदेश

Hindi News / Prime / Opinion / आपकी बात…विकसित भारत का निर्माण करने के लिए क्या किया जाना चाहिए ?

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.