bell-icon-header
ओपिनियन

आपकी बात, पर्यावरण संरक्षण में आम आदमी की भूमिका क्या है?

पत्रिकायन में सवाल पूछा गया था। पाठकों की मिलीजुली प्रतिक्रियाएं आईं, पेश हैं चुनिंदा प्रतिक्रियाएं।

Nov 21, 2022 / 04:41 pm

Patrika Desk

आपकी बात, पर्यावरण संरक्षण में आम आदमी की भूमिका क्या है?

अभियान की जरूरत
प्रदेश में पर्यावरण प्रदूषण तेजी से बढ़ता जा रहे है। दिन-प्रतिदिन अवैध रूप से पेड़ों को काटा जा रहा है। यह सब मिलीभगत से ही संभव है। प्रदूषण को कम करने के लिए उद्योग शहर से बाहर लगाने चाहिए और इनसे निकलने वाले धुएं को नियंत्रित करने के लिए तकनीक का इस्तेमाल करना चाहिए। शहरों को ग्रीन जोन बनाने के लिए वृहद रूप से पौधे लगाने के लिए वन विभाग और सामाजिक संगठनों को संयुक्त रूप से अभियान चलाना चाहिए। इसके लिए रोड डिवाइडरों और रोड के किनारों पर पौधे लगाए जाने चाहिए। घर-घर जाकर लोगों को पौधे वितरित किए जाने चाहिए। लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाना चाहिए।
-आलोक वालिम्बे, बिलासपुर, छत्तीसगढ़
…………..
आदतों में करें सुधार
हर व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहना चाहिए। लोग अपनी आदतों को थोड़ा सही कर लें, तो पर्यावरण को सुरक्षित रखने में मदद मिल सकती है। पेड़ लगाने पर ध्यान देना चाहिए, वाहनों का उपयोग कम से कम करना चाहिए और कचरा रीसायकल करने पर ध्यान देना चाहिए। साथ ही पेड़ों को काटने से बचना चाहिए।
-नेहा अग्रवाल, कोटा
……
प्रत्येक व्यक्ति निभाए भागीदारी
बूंद-बूंद से घड़ा भरता है, ठीक वैसे ही पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी भागीदारी निभानी होगी। केवल सरकार की योजनाओं से नहीं, बल्कि आम जनता की जागरूकता से पर्यावरण संरक्षण के मामले में सफलता मिलेगी।
-सुभाष धायल, बीकानेर
…………………….
बिजली बचाओ, पानी बचाओ
कम से कम उर्वरक व कीटनाशकों का प्रयोग किया जाए। प्रत्येक व्यक्ति अपने आसपास गमलों में छोटे-छोटे पौधे लगाएं। कम बिजली, कम पानी, कम गैस का प्रयोग कर कोई भी व्यक्ति पर्यावरण संरक्षण में महती भूमिका निभा सकता है। प्रदूषण रोकने के लिए जलाऊ लकड़ी का उपयोग कम करना जरूरी है।
-अमन विश्वकर्मा, गरोठ, मध्य प्रदेश
…………….
वाहनों का सीमित उपयोग करें
वाहनों से निकलता धुआं पर्यावरण के लिए बड़ा संकट है। इसलिए वाहनों के असीमित उपयोग को रोकने की महती आवश्यकता है। साथ ही पौधरोपण भी ध्यान दिया जाना चाहिए।
-राजेश नेमा, सिंहपुर बड़ा
…………..
पेड़ों को कटने से रोकें
पर्यावरण संरक्षण की लिए हर मनुष्य की अहम भूमिका है, जिससे अधिकांश लोग अपना अपना मुंह मोड़ते नजर आते हैं। पेड़ों को कटने से रोकें। यदि बड़े पेड़ नहीं लगा सकते, तो घर व ऑफिस में छोटे पौधे अवश्य लगाने चाहिए। बिजली, पानी और गैस जैसी चीजों का उपयोग कम करके भी आम आदमी पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सकता है।
-रजनीश पांचाल, इंदौर
………….
प्लास्टिक का इस्तेमाल करने से बचें
प्रदूषण का सबसे बड़ा कारण बढ़ते वाहनों की संख्या भी है। ऐसे में वायु प्रदूषण को रोकने के लिए अपने वाहनों का सही से ख्याल रखें और समय-समय पर प्रदूषण की जांच करवाते रहें। पर्यावरण को बचाने के लिए सबसे पहले हमें पानी को प्रदूषित होने से बचाना होगा। वनों को नष्ट होने से बचाना होगा। प्लास्टिक की सामग्री और थैलियों का उपयोग को रोकना होगा।
-इलमदीन, जोधपुर
……………
जरूरी है पौधरोपण
वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण के लिए आम आदमी की जिम्मेदारी यह है कि अपने घर के आगे पौधे जरूर लगाएं। अन्य स्थानें पर भी पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में मददगार बनें।
-सुरेन्द्र बिन्दल, कांवट, जयपुर
…………
सजग रहें
आम आदमी भी पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका सुनिश्चित करे। मनुष्य तथा पर्यावरण दोनों परस्पर एक दूसरे के पूरक हंै। उन्हें अलग करना कठिन है। आम आदमी पर्यावरण को बचाने के लिए सजग रहे।
– दिव्यांश अमित शर्मा, श्रीमाधोपुर, सीकर

Hindi News / Prime / Opinion / आपकी बात, पर्यावरण संरक्षण में आम आदमी की भूमिका क्या है?

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.