bell-icon-header
समाचार

साल का सबसे गर्म दिन रहा मंगलवार, पारा पहुंचा 41 डिग्री पार

1 जून तक झुलसाती रहेगी प्रचंड गर्मी

चेन्नईMay 30, 2024 / 02:16 pm

PURUSHOTTAM REDDY

चेन्नई. चेन्नई में मंगलवार साल का सबसे गर्म दिन रहा। मौसम विभाग ने मंगलवार को अधिकतम 40 डिग्री तापमान से अधिक पहुंचने की आशंका जताई थी, मगर तापमान करीब 2 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। चेन्नई के नुंगमबाक्कम और मीनम्बाक्कम दोनों मौसम केन्द्रों ने इस साल की गर्मियों का अपना सबसे गर्म दिन दर्ज किया। मीनम्बाक्कम केन्द्र ने 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जबकि नुंगमबाक्कम प्रादेशिक मौसम केन्द्र ने 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। वहीं नुंगमबाक्कम केन्द्र ने सोमवार को 40.6 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया था। इन दिनों चेन्नईवासियों का गर्मी से बुरा हाल रहा।

सूरज उदय होने के कुछ मिनटों बाद से ही किरणें तीखी होने लगती है। सुबह साढ़े 8 बजे के बाद से ही सूरज के तीखे तेवरों से लोग पसीने से तर-बतर होने लगते हैं। एसी व कूलर में भी गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। इसके साथ ही उमस ने लोगों की परेशानी को और अधिक बढ़ा दिया है। लोग गर्मी से बचने के लिए मुंह पर कपड़ा बांधकर चलने को मजबूर हैं। जगह-जगह लोग शीतल पेय पदार्थों का सहारा लेकर गर्मी से राहत पाने का प्रयास हो रहा है। बुधवार को मौसम विभाग ने शाम 5.30 बजे तक 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। बुधवार को भी सुबह से ही उमस भरा दिन रहा। उमस के चलते पसीने से बुरा हाल रहा।
अभी और सताएगी गर्मी

चेन्नई स्थित मौसम ब्लॉगर के. श्रीकांत ने भविष्यवाणी की कि चेन्नई और उपनगरीय इलाके में अगले कुछ दिनों तक बहुत अधिक गर्मी पड़ेगी। गुरुवार और शुक्रवार को इस मौसम के सबसे गर्म दिन होने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि एक जून तक गर्मी लोगों को परेशान करती रहेगी। हालांकि चेन्नई में गर्मी हमेशा तब चरम पर होती है जब पश्चिमी हवाएं तेज होती हैं।

संबंधित विषय:

Hindi News / News Bulletin / साल का सबसे गर्म दिन रहा मंगलवार, पारा पहुंचा 41 डिग्री पार

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.