समाचार

6 जुलाई को शुभ संयोगों में शुरू हो रही गुप्त नवनात्रि, नौ दिनों तक देवी मंदिरों में होगी विशेष

आषाढ़ माह गुप्त नवरात्र 6 जुलाई से शुरू हो रही हैं, जो 15 जुलाई तक रहेंगी। इस बार गुप्त नवरात्र में चतुर्थी तिथि 9 और 10 दोनों दिन रहेगी, इसलिए नवरात्र का एक दिन बढ़ गया है।

सागरJun 24, 2024 / 12:07 pm

रेशु जैन

devi mandir

नवरात्रि पर गुप्त रूप से साधना करते हैं भक्त, मंदिरों में कष्ट निवारण के लिए होगा यज्ञ

सागर. आषाढ़ माह गुप्त नवरात्र 6 जुलाई से शुरू हो रही हैं, जो 15 जुलाई तक रहेंगी। इस बार गुप्त नवरात्र में चतुर्थी तिथि 9 और 10 दोनों दिन रहेगी, इसलिए नवरात्र का एक दिन बढ़ गया है। इस दौरान शहर के देवीमंदिरों और शक्तिपीठों में गुप्त साधना की जाएगी। शहर के महाकाली मंदिर में 9 दिनों तक 10 देवियों की विशेष पूजन होगी। यहां मां महाकाली 10 महाविद्या के साथ विराजमान हैं। मंदिर में कष्ट निवारण के लिए साधना यज्ञ होगा। नवरात्रि में कई शुभ संगोय भी रहेंगे। नवरात्र के अगले दिन 7 जुलाई को रवि पुष्य योग का संयोग रहेगा, जो सूर्योदय से लेकर अगले दिन तक रहेगा। पंडितों का कहना है कि गुप्त नवरात्र में आ रहा यह संयोग विशेष फलदायी होगा ।
एक वर्ष में मनाई जाती हैं चार नवरात्रि
महाकाली मंदिर के पुजारी संजय अवस्थी ने बताया कि सनातन धर्म में नवरात्रि पर्व प्रमुख पर्वों में से एक माना जाता है। इस पर्व में मां शक्ति की आराधना विधि-विधान से की जाती है। एक वर्ष में कुल मिलाकर चार नवरात्रि आती हैं। जिसमें से दो गुप्त नवरात्रि के अलावा चैत्र और शारदीय नवरात्रि शामिल हैं। पहली गुप्त नवरात्रि माघ के महीने में आती है और दूसरी गुप्त नवरात्रि आषाढ़ माह में मनायी जाती है। गुप्त नवरात्रि आम नवरात्रि से भिन्न होती है। दरअसल इसमें तांत्रिक सिद्धियों को प्राप्त करने के लिए मां भगवती देवी की आराधना की जाती है। इस पर्व में दस महाविद्याओं की साधना करने का विधान है।
9 देवियों की जगह 10 देवियों की होती है पूजा
पं. नरेंद्र शास्त्री ने बताया कि चैत्र और शारदीय नवरात्रि में जहां नौ देवियों की विशेष पूजा का प्रावधान है। वहीं गुप्त नवरात्रि में 10 महाविद्या की साधना की जाती है। जिसमें मां काली, मां तारा देवी, मां त्रिपुर सुंदरी, मां भुवनेश्वरी, मां छिन्नमस्ता, मां त्रिपुर भैरवी, मां धूमावती, मां बगलामुखी, मां मातंगी और मां कमला देवी हैं। तांत्रिकों के लिए गुप्त नवरात्रि का महत्व बहुत अधिक होता है। इसमें गुप्त रूप से देवी मां की पूजा की जाती है।
तंत्र मंत्र से होती है मां भगवती की पूजा
पं. केशव महाराज ने बताया कि आषाढ़ मास की गुप्त नवरात्रि में देवी की पूजा तंत्र-मंत्र के लिए की जाती है।
इस नवरात्रि में तंत्र और मंत्र दोनों के माध्यम से भगवती की पूजा की जाती है। नाम के अनुसार इस गुप्त नवरात्र में की जाने वाली शक्ति की साधना के बारे में जहां कम लोगों को ही जानकारी होती है, वहीं इससे जुड़ी साधना-आराधना को भी लोगों से गुप्त रखा जाता है। मान्यता है कि साधक जितनी गुप्त रूप से देवी की साधना करता है, उस पर भगवती की उतनी ही कृपा बरसती है।

संबंधित विषय:

Hindi News / News Bulletin / 6 जुलाई को शुभ संयोगों में शुरू हो रही गुप्त नवनात्रि, नौ दिनों तक देवी मंदिरों में होगी विशेष

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.