bell-icon-header
समाचार

वन विभाग हाथी अर्जुन के लिए बनाएगा दो स्मारक

दोनों स्मारकों में अर्जुन का मॉडल और उसकी कई तस्वीरें भी होंगी, जिनमें उसे जंबों सवारी में 750 किलोग्राम वजनी स्वर्ण सिंहासन उठाते दिखाया जाएगा। हाथी और बाघ बचाव अभियानों में उसकी भागीदारी भी दिखाई जाएगी।

बैंगलोरJun 21, 2024 / 06:58 pm

Nikhil Kumar

सरकार हाथी पकडऩे के एक अभियान के दौरान 6 दिसंबर, 2023 को हासन जिले के येसलूर में एक जंगली हाथी के हमले में मारे गए राज्य के प्रतिष्ठित हाथी अर्जुन की स्मृति में स्मारक बनाएगी।वन, पारिस्थितिकी, पर्यावरण मंत्री ईश्वर बी. खंड्रे ने गुरुवार को विधान सौधा के सामने तीन नई मिनी बसों को हरी झंडी दिखाने के बाद यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि दफन स्थल और नागरहोले राष्ट्रीय उद्यान के बल्ले शिविर में एक-एक स्मारक बनेगा। अर्जुन यादों में जीवित रहेगा। दोनों स्मारकों में अर्जुन का मॉडल और उसकी कई तस्वीरें भी होंगी, जिनमें उसे जंबों सवारी में 750 किलोग्राम वजनी स्वर्ण सिंहासन उठाते दिखाया जाएगा। हाथी और बाघ बचाव अभियानों में उसकी भागीदारी भी दिखाई जाएगी।
शिविरों में हाथियों की मौत के बारे में पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि उन्होंने मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है और रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने बताया कि विभाग ने शिकार विरोधी शिविरों में काम करने वाले कर्मियों को 2,000 रुपए की प्रोत्साहन राशि देने का फैसला किया है। इसके लिए वित्त विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है।
नागरहोले टाइगर रिजर्व में सफारी के लिए तीन नई मिनी बसों को तैनात किया जाएगा। विभाग ने 16.55 लाख रुपए की लागत से चेसिस खरीदी और कस्टम-डिजाइन किए गए बॉडी के निर्माण के लिए सीएसआर फंड का इस्तेमाल किया।

Hindi News / News Bulletin / वन विभाग हाथी अर्जुन के लिए बनाएगा दो स्मारक

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.