नई दिल्ली

नए साल में ही मिलेगा भाजपा को पूर्णकालिक राष्ट्रीय अध्यक्ष

– 1 अगस्त से 15 सितंबर तक सदस्यता अभियान, फिर 15 दिसंबर तक मंडल, जिले से लेकर प्रदेश संगठन में चुनाव
– भाजपा जल्द किसी को नियुक्त कर सकती है कार्यवाहक अध्यक्ष, संगठन चुनाव होने के बाद पूरी तरह हाथ में आयेगी कमान

नई दिल्लीJun 26, 2024 / 01:09 pm

Navneet Mishra

नवनीत मिश्र
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन चुनाव का खाका तैयार कर लिया है। 15 दिसंबर तक पूरी चुनाव प्रक्रिया चलेगी। माना जा रहा है कि ऐसे मे पूर्णकालिक राष्ट्रीय अध्यक्ष नए साल में ही मिलेगा। यह भी तय है कि जल्द ही संसदीय बोर्ड जिसे कार्यवाहक अध्यक्ष चुनेगा, वही बाद में संगठन चुनाव होने के बाद पूर्णकालिक अध्यक्ष की कमान संभालेगा। पिछली बार ऐसा ही हुआ था। अमित शाह के गृहमंत्री बन जाने के बाद जून 2019 मे जेपी नड्डा कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त हो गए थे, लेकिन संगठन चुनाव होने के बाद 20 जनवरी को ही पूर्णकालिक अध्यक्ष के रूप में कमान संभाली थी।

पहले सदस्यता अभियान

पिछली बार 18 करोड़ सदस्य बना चुकी भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर सदस्यता अभियान चलाने जा रही है। एक अगस्त से 15 सितंबर तक सभी राज्यों में पार्टी नए सदस्य बनाएगी। सिर्फ चुनावी राज्यों को इसमें छूट मिल सकती है।
इसके बाद 16 से 30 सितंबर तक सक्रिय सदस्यता अभियान चलेगा। वहीं 1 अक्टूबर से 15 तक अभियान में बने सदस्यों का समापन भी होगा।

नवंबर में मंडल अध्यक्षों का चुनाव

भाजपा के संगठन चुनाव रोस्टर के मुताबिक एक से 15 नवंबर के बीच मंडल अध्यक्षों का चुनाव होगा, फिर 16 से 30 के बीच जिला अध्यक्ष बनेंगे।

दिसंबर में प्रदेश अध्यक्ष, फिर अध्यक्ष

1 दिसंबर से 15 दिसंबर के बीच राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाएंगे। इसके बाद राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव करेंगे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक संसदीय बोर्ड जिसे कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त करेगा, वही बाद में पूर्णकालिक अध्यक्ष भी बनेगा।

Hindi News / New Delhi / नए साल में ही मिलेगा भाजपा को पूर्णकालिक राष्ट्रीय अध्यक्ष

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.