bell-icon-header
नीमच

ख्यात साहित्यकार बालकवि बैरागी को किया कांग्रेसजनों ने नमन

गांधी भवन पर दादा को पुष्प अर्पित कर कांग्रेसजनों ने दिनभर श्रद्धा से याद किया’

नीमचFeb 11, 2020 / 12:52 pm

Mukesh Sharaiya

जिला कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन पर पूर्व सांसद बालकवि बैरागी को कांग्रेसजनों ने किया याद।

नीमच. देश के ख्यात साहित्यकार और पूर्व सांसद बालकवि बैरागी का सोमवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में जन्मदिवस मनाया गया। कांग्रेसजनों ने श्रद्धा से याद कर उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित बैरागी दादा को नमन किया। उनके द्वारा नीमच-मंदसौर जिले, आम जनता, साहित्य और कांग्रेस के लिए किए गए उनके कार्यों को याद किया।
इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने कहा कि बालकवि बैरागी का वास्तविक नाम नंदरामदास द्वारका दास था। उनका जन्म 10 फरवरी 1931 को मनासा विकासखंड के रामपुरा में हुआ था। बालकवि बैरागी हिंदी कवि सम्मेलनों में शौर्य की कविताओं का प्रतिनिधित्व करने वाले सबसे लोक प्रिय कवि थे। सक्रिय राजनीति में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। बैरागी की गिनती कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में होती थी। वे 1945 से कांग्रेस में सक्रिय रहे। 1969 से 1972 तक पंडित श्यामाचरण शुक्ल के मंत्रिमंडल में राज्यमंत्री रहे। अर्जुनसिंह की सरकार में भी वे मंत्री रहे। 1984 तक लोकसभा में रहे। 1995-96 में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी में संयुक्त सचिव रहे। 1998 में मध्य प्रदेश से राज्यसभा में गए। 29 जून 2004 तक वे निरंतर राज्यसभा सदस्य रहे। 2004 में उन्हें राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के आंतरिक संगठनात्मक चुनावों के लिए उन्हें चुनाव प्राधिकरण का अध्यक्ष बनाया गया। 2008 से 2011 तक मध्य प्रदेश कांग्रेस में उपाध्यक्ष रहे। मध्य प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति के अध्यक्ष भी रहे हैं। वे केंद्रीय हिंदी सलाहकार समिति के सदस्य भी थे। बैरागी ने हिंदी सिनेमा को अनेक महत्वपूर्ण गीत दिए। रेशमा और शेरा का ‘तू चंदा मैं चांदनी’ बैरागी दादा की कलम से निकला अविस्मरणीय गीत है। कवि बालकवि बैरागी को मध्यप्रदेश सरकार के संस्कृति विभाग द्वारा कवि प्रदीप सम्मान भी प्रदान किया गया। साहित्य और राजनीति से जुड़े रहने के कारण उनकी कविताओं में साहित्य और राजनीति की झलक देखने को मिलती है। गीत, दर्द दीवानी, दो टूक, भावी रक्षक देश के, आओ बच्चों गाओ बच्चों बालकवि बैरागी की प्रमुख रचनाएं हैं। मृदुभाषी व मस्तमौला स्वभाव और सौम्य व्यक्तित्व के धनी बालकवि बैरागी ने अंतरराष्ट्रीय कवि के रूप में नीमच जिले को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया था। इस अवसर पर पूर्व विधायक नंदकिशोर पटेल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बृजेश सक्सेना, जिला कांग्रेस प्रवक्ता बृजेश मित्तल, अनिल चौरसिया, संजीव पगारिया, मनीष चांदना सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजनों ने पूर्व सांसद बालकवि बैरागी के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए और उन्हें श्रद्धा से याद कर नमन किया गया।

Hindi News / Neemuch / ख्यात साहित्यकार बालकवि बैरागी को किया कांग्रेसजनों ने नमन

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.