राष्ट्रीय

Muslim: क्या आप जानते हैं भारत में सबसे ज्यादा मुसलमान आबादी वाले टॉप-5 राज्य कौन से हैं?

Muslim population in India: भारत में मुसलमानों की आबादी बहुत बड़ी है और कुछ राज्यों में ये आबादी अन्य राज्यों की तुलना में अधिक है। चलिए जानते हैं।

नई दिल्लीJul 02, 2024 / 12:31 pm

Anish Shekhar

Indian states with the highest percentage of Muslims: भारत एक विविधता वाला देश है जहां कई तरह के धर्मों, संस्कृतियों और भाषाओं के लोग रहते हैं। भारत में मुसलमानों की आबादी लगभग 14.2% है, जो इसे हिंदू धर्म के बाद दूसरा सबसे ज्यादा जनसंख्या वाला धर्म बनाता है। देश में हिंदूओं की आबादी लगभग 79.8% है। अन्य धर्म, जैसे सिख, बौद्ध, ईसाई, और जैन, प्रत्येक की आबादी 1% से कम है। 2011 की जनगणना के अनुसार, 2001 से 2011 के बीच मुस्लिम आबादी में 24.6% की वृद्धि हुई, जबकि हिंदू आबादी में 16.8% की वृद्धि हुई। इस रिपोर्ट का आधार 2011 की जनगणना है, जो अलग-अलग राज्यों में मुसलमानों की जनसंख्या के बारे में बताती है। इन राज्यों में मुस्लिम आबादी की अधिकता के पीछे ऐतिहासिक, सामाजिक और आर्थिक कारण शामिल हैं।

1. असम

असम में मुसलमानों की बड़ी संख्या रहती है और यह भारत के उन राज्यों में से एक है जहां मुस्लिम आबादी का प्रतिशत काफी अधिक है। असम की कुल जनसंख्या 3.1 करोड़ है और जिसमे लगभग 34% मुसलमान हैं। यानी, यहां लगभग 1 करोड़ मुसलमान रहते है। यहां गुवाहाटी, सिलचर, धुबरी, कोकराझार, जोरहाट, बोंगाइगांव जैसे शहरों में मुसलमान बसे हुए हैं। असम में इतिहास, जाति-धर्म संबंधी विभाजन और समाज की विशेषताओं के कारण, यहां पर मुसलमानों की संख्या अधिक है। 19वीं और 20वीं सदी के दौरान ब्रिटिश शासनकाल में पूर्वी बंगाल से बड़ी संख्या में मुसलमान यहां आकर बसे थे। यहां के आर्थिक अवसर, विशेषकर खेती और व्यापार, ने उन्हें आकर्षित किया। इसके अलावा, असम की भौगोलिक स्थिति और बांग्लादेश के निकटता ने भी मुस्लिम आबादी के वितरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

2. पश्चिम बंगाल

पश्चिम बंगाल में भी मुसलमानों की बड़ी संख्या है। यहां की कुल जनसंख्या 9.1 करोड़ है, जिसमें से लगभग 27% यानी 2.46 करोड़ आबादी मुसलमानों की है। यह राज्य सांस्कृतिक और धार्मिक विविधताओं के लिए प्रसिद्ध है। कोलकाता, मुर्शिदाबाद, मालदा, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, और हावड़ा जैसे क्षेत्रों में मुस्लिम आबादी अधिक है। ऐतिहासिक रूप से, बंगाल का विभाजन (1947) और पूर्वी पाकिस्तान (अब बांग्लादेश) से निकटता का प्रभाव भी मुस्लिम आबादी पर पड़ा है। इसके अलावा, खेती और व्यापार के अवसरों के कारण भी मुसलमानों ने यहां बसना पसंद किया।

3. केरल

केरल में मुस्लिम जनसंख्या यहां की कुल आबादी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। 2011 की जनगणना के आधार पर केरल की कुल आबादी लगभग 3.5 करोड़ है और इसमे से लगभग 26.56% मुसलमान हैं। इसका मतलब है कि यहां लगभग 90 लाख मुसलमान रहते हैं। मलप्पुरम, कोझिकोड, कोची, थिरुवनंथपुरम, कासरगोड जैसे इलाकों में केरल के मुसलमान बसे हुए हैं। केरल में मुस्लिम आबादी ज्यादा होने का मुख्य कारण ऐतिहासिक और व्यापारिक है। प्राचीन काल में यहां समुद्री तटों पर अरब व्यापारियों के आने के साथ इस्लाम का प्रसार हुआ। इसके अलावा, यहां की शिक्षा प्रणाली और सामाजिक जागरूकता भी मुसलमानों के विकास में सहायक रही है।

4. उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश भारत का सबसे अधिक आबादी वाला राज्य है और यहां मुस्लिम आबादी भी काफी ज्यादा है। 2011 की जनगणना के आधार पर यूपी की कुल आबादी लगभग 19.98 करोड़ है और इसमे से लगभग 19.26% मुसलमान हैं। इसका मतलब है कि उत्तर प्रदेश में लगभग 3.85 करोड़ मुसलमान रहते हैं। यूपी में मुसलमानों के प्रमुख आबादी के क्षेत्र लखनऊ, कानपुर, अलीगढ़, मेरठ, गोरखपुर, वाराणसी, फ़ैजाबाद आदि हैं। यहां के शहरों में बहुत से मुसलमान बसते हैं। उत्तर प्रदेश में मुस्लिम आबादी ज्यादा होने के पीछे का मुख्य कारण ऐतिहासिक और सामाजिक है। मुगल काल में यह क्षेत्र मुगलों का महत्वपूर्ण केंद्र हुआ करता था, और यही कारण है कि यहां बड़े पैमाने पर मुस्लिम आबादी बस गई। इसके अलावा, यहां कई महत्वपूर्ण सूफी संतों के दरगाह भी हैं, जो यहां मुस्लिम आबादी को आकर्षित करती हैं।

5. बिहार

बिहार में भी मुस्लिम जनसंख्या बहुत ज्यादा है। बिहार की कुल आबादी लगभग 10.4 करोड़ है और इसमे से लगभग 16.9% आबादी मुसलमान हैं। जिसका मतलब है कि यहां लगभग 1.76 करोड़ मुसलमान रहते हैं। मुग़ल और ब्रिटिश काल के दौरान मुसलमान यहां आए, और फिर यही बस गए। बिहार में पटना, किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, और भागलपुर जैसे क्षेत्रों में मुसलमानों की बड़ी संख्या है। खासकर सीमांचल क्षेत्र (किशनगंज, अररिया) में मुस्लिम आबादी अधिक है। बिहार में मुस्लिम आबादी ज़्यादा होने के पीछे का मुख्य कारण ऐतिहासिक और सामाजिक है। यहां की आर्थिक स्थितियाँ और कृषि आधारित जीवनशैली भी महत्वपूर्ण कारण हैं। बिहार की रूढ़िवादी सांस्कृतिक और सामाजिक परिवेश के कारण, यहां पर मुसलमानों की संख्या अधिक है।

Hindi News / National News / Muslim: क्या आप जानते हैं भारत में सबसे ज्यादा मुसलमान आबादी वाले टॉप-5 राज्य कौन से हैं?

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.