bell-icon-header
राष्ट्रीय

Paper Leak Case: पेपर लीक कराने वाले गैंग्स का सेंटर बना ये राज्य, दो साल में चार बड़े स्कैम

Paper leak Update: पेपर लीक कराने वाले गैंग्स का ये राज्य हब बन गया है। पिछले दो सालों के भीतर इस राज्य से पेपर लीक के चार बड़े स्कैम सामने आए हैं।

नई दिल्लीJun 24, 2024 / 11:31 am

Akash Sharma

paper leak Case

Paper leak Update: पेपर लीक कराने वाले गैंग्स का ये राज्य हब बन गया है। पिछले दो सालों के भीतर इस राज्य से पेपर लीक के चार बड़े स्कैम सामने आए हैं। 2024 के नीट-यूजी (NEET-UG) पेपर लीक स्कैम की जांच में झारखंड (Jharkhand) के दो दर्जन से ज्यादा लोगों की संलिप्तता सामने आ रही है। इसके पहले इसी साल JSSC CGLऔर बिहार शिक्षक नियुक्ति परीक्षा के पर्चे भी झारखंड से लीक हुए थे।

EOW टीम ने किया खुलासा

नीट-यूजी (NEET-UG) मामले में बिहार इकनॉमिक ऑफेंसेज विंग (EOW) की अब तक की जांच में इस बात के प्रमाण मिल चुके हैं कि झारखंड के हजारीबाग स्थित एग्जाम सेंटर से पर्चा लीक हुआ था। पटना में इस परीक्षा के प्रश्न पत्र का जो अधजला अवशेष मिला था, उसके सीरियल कोड से खुलासा हुआ है कि यह प्रश्नपत्र हजारीबाग के मंडई रोड स्थित ओएसिस स्कूल स्थित एग्जाम सेंटर में भेजा गया था। ईओयू की टीम ने हजारीबाग पहुंचकर स्टील के उन दो ट्रंक को जब्त किया है, जिनमें यहां प्रश्नपत्र भेजे गए थे। जांच में इस बात के साक्ष्य मिले हैं कि इन ट्रंक में छेड़छाड़ किया गया था। ट्रंक में दो अलग-अलग कुंडियां पाई गई हैं। इसके पहले शुक्रवार को ईओयू की टीम पेपर लीक मामले में झारखंड के देवघर से छह युवकों को गिरफ्तार कर चुकी है।
Paper Leak के विरोध में प्रर्दशन करते छात्र-छात्राएं।

NEET पेपर लीक के मास्टरमाइंड का भी कनेक्शन

इस बात के भी प्रमाण मिले हैं कि लीक किए गए पेपर रांची में मेडिकल पीजी के दस स्टूडेंट ने सॉल्व किए थे और फिर उन्हें परीक्षार्थियों तक भेजा गया था। पेपर लीक करने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड माने जा रहे सिकंदर यादवेंदु नामक बिहार के जिस JE को गिरफ्तार किया गया है, उसका रांची के बरियातू हाउसिंग कॉलोनी में आलीशान मकान है। उसने लंबे समय तक रांची में रहकर मेडिकल कॉलेज सहित कई विभागों में सिविल कन्स्ट्रक्ट्रशन वर्क्स में ठेकेदारी की है। इसके पहले झारखंड में 28 जनवरी को आयोजित हुई SSC-CGL (कंबाइंड ग्रैजुएट लेवल) परीक्षा के पेपर लीक हो गए थे। इस पर भारी बवाल के बाद पुलिस ने झारखंड विधानसभा के अवर सचिव सज्जाद इमाम उर्फ मो. शमीम, उसके दो पुत्रों शाहनवाज हसन और शहजादा इमाम सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया था। जांच में इस परीक्षा के पेपर 27 से 30 लाख रुपए में बेचे जाने की बात सामने आई थी। पुलिस इस मामले में चार्जशीट फाइल कर चुकी है।

ये पर्चे भी झारखंड से हुए लीक

इसी साल मार्च महीने में बिहार पब्लिक सर्विस कमीशन की शिक्षक नियुक्ति परीक्षा का पेपर झारखंड के हजारीबाग से लीक हुआ था। यहां 300 से ज्यादा परीक्षार्थियों को गेस्ट हाउस में रुकवाकर प्रश्नों के उत्तर रटवाए गए थे। इस रैकेट का खुलासा बिहार की आर्थिक अपराध इकाई (EOW), बिहार पुलिस और झारखंड पुलिस के ज्वाइंट ऑपरेशन में हुआ था। इस मामले में कुल 313 अभ्यर्थियों सहित पेपर लीक और सॉल्वर गैंग से जुड़े एक दर्जन लोगों को जेल भेजा गया था। वर्ष 2022 के जुलाई में झारखंड स्टाफ सेलेक्शन कमीशन (JSSC) में जूनियर इंजीनियरों के 1289 पदों पर नियुक्ति के लिए आयोजित परीक्षा का भी पेपर हो गया था। इस मामले में आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इसकी जांच आज भी जारी है।

Hindi News / National News / Paper Leak Case: पेपर लीक कराने वाले गैंग्स का सेंटर बना ये राज्य, दो साल में चार बड़े स्कैम

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.