bell-icon-header
राष्ट्रीय

चार राज्यों में मतगणना शुरू, जानिए किसका होगा राजतिलक

Election Results 2023 LIVE Updates : राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में मतगणना शुरू हो गई है।

Dec 03, 2023 / 08:50 am

Anand Mani Tripathi

Election Results 2023 LIVE Updates : राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में मतगणना शुरू हो गई है। सबसे पहले डाक मतपत्र फिर घर पर कराए गए वोटों की गणना होगी। इसके बाद ईवीएम खोली जाएगी। मिजोरम की भी मतगणना आज ही होनी थी लेकिन ईसाइयों की प्रार्थना का दिन होने के कारण सोमवार यानी 4 दिसंबर को मतगणना होगी।

विधानसभा चुनाव की शुरुआत 7 नवंबर को हुई थी। मिजोरम और छत्तीसगढ़ में सबसे पहले वोट डाले गए थे। 17 नवंबर को मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण का मतदान हुआ। 25 नवंबर को राजस्थान का चुनाव हुआ था। 30 नवंबर को तेलंगाना में मतदान चुनाव हुआ था। मिजोरम में 80.66 प्रतिशत, छत्तीसगढ़ में 76.31 प्रतिशत, मध्यप्रदेश में 76.22 प्रतिशत,राजस्थान में 74.96 प्रतिशत और तेलंगाना में 70.71 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।


राजस्थान : क्या कहते हैं एग्जिट पोल?

कांग्रेस और भाजपा का यहां सीधा मुकाबला है। 199 सीटों पर हुए चुनाव में भाजपा के जीत का दांव लगाया गया है। कांग्रेस भी ओपीएस सहित तमाम कार्यों की बदौलत पूरा खंभ ठोक रही है। न्यूज 18-CNX ने अपने एक्जिट पोल में भाजपा को 111 और कांग्रेस को 74 सीटें दी हैं। न्यूज-जन की बात ने भाजपा के 100-122 और कांग्रेस के 62-85 सीट और इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया ने भाजपा को 80-100 और कांग्रेस को 86-106 सीटें दी हैं।

मध्यप्रदेश: क्या कहते हैं एग्जिट पोल?
मध्य प्रदेश में सीधा मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है। 230 सीटों वाले इस राज्य में भाजपा की सरकार है। यहां टीवी-9 भारतवर्ष ने भाजपा को 106-116 और कांग्रेस को 111-121 सीट, इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया ने यहां भाजपा को 140-162 और कांग्रेस 68-90 सीट और न्यूज 18-CNX ने कांग्रेस को 111 और भाजपा को 116 सीट दी है।

छत्तीसगढ़: क्या कहते हैं एग्जिट पोल?

कांग्रेसशासित इस प्रदेश में 90 सीटों पर भाजपा से सीधे मुकाबला है। यहां कांग्रेस बढ़त पर है। एग्जिट पोल में न्यूज-जन की बात ने कांग्रेस को 42-53 सीटें और भाजपा को 34-45 सीट, एबीपी न्यूज-सी वोटर ने कांग्रेस को 41-53 सीटें और भाजपा को 36-48 सीट और इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया ने यहां कांग्रेस को 40-50 सीटें और भाजपा को 36-46 सीटें दी हैं।

तेलंगाना :क्या कहते हैं एग्जिट पोल?
तेलंगाना में इस बार खेल होता हुआ नजर आ रहा है। यहां भारत राष्ट्र समिति की सरकार जाती हुई दिख रही है। कांग्रेस ने यहां बड़ा उलटफेर किया है। 119 सीटों वाली इस विधानसभा में कांग्रेस बहुमत के सबसे करीब दिखाई दे रही है। टीवी-9 तेलुगु के अनुसार तेलंगाना में BRS को 48-58 सीट, कांग्रेस को 49-59 सीट, भाजपा को 5-10 सीट और अन्य को 6-18 सीटें और न्यूज-जन की बात ने BRS को 40-55 सीटें, कांग्रेस को 48-64 सीटें और भाजपा को 7-13 सीटें मिल सकती हैं।

 

Hindi News / National News / चार राज्यों में मतगणना शुरू, जानिए किसका होगा राजतिलक

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.