bell-icon-header
राष्ट्रीय

दिल्ली में बच्चा तस्कर गैंग का भंडाफोड़, नवजात की कीमत 5 से 6 लाख

Child Smuggler Gang : दिल्ली में बच्चा तस्कर गैंग पर सीबीआई का एक्शन। दिल्ली और हरियाणा में 7 जगहों पर छापेमारी कर 5 महिलाओं सहित 7 को गिरफ्तार किया।

Apr 07, 2024 / 10:14 am

Shaitan Prajapat

Child Smuggler Gang : केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बच्चों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। सीबीआई ने दिल्ली और हरियाणा में 7 जगहों पर छापेमारी कर तीन नवजातों को बचाया और 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। ये लोग एक बच्चा 5 से 6 लाख रुपए में बेचते थे। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सीबीआई ने शुक्रवार को दिल्ली के केशवपुरम स्थित एक घर पर छापाकर तीन नवजात को बरामद किया। इनमें एक लड़का डेढ़ दिन का, दूसरा 15 दिन का और एक बच्ची करीब महीने भर की है।

5 महिलाओं सहित 7 गिरफ्तार
सीबीआई ने मौके से आरोपी पूजा कश्यप को गिरफ्तार किया। वह तीनों नवजातों को बेचने फिराक में थी। बताया जाता है कि पूजा घर में 7 माह से किराए पर रह रही थी। पूजा से मिली जानकारी आधार पर सीबीआई ने दिल्ली से ही इंदु पवार, वार्ड बॉय असलम, ऋतु, अंजली, कविता और हरियाणा के सोनीपत से नीरज को गिरफ्तार कर लिया।

फर्जी दस्तावेज बनाकर लोगों से लाखों की ठगी
बताया जाता है कि गिरोह के सदस्य बच्चों को माता-पिता या सरोगेट मां से खरीदते थे। इसके बाद सोशल मीडिया पर विज्ञापन के जरिए नि:संतान दंपत्तियों को बेच देते थे। ये लोग गोद लेने से संबंधित फर्जी दस्तावेज बनाकर लोगों से लाखों की ठगी भी कर चुके हैं।

5.5 लाख की नकदी, आपत्तिजनक सामान बरामद
सीबीआई के मुताबिक आरोपी सामान की तरह बच्चों का सौदा करते थे। मार्च में ही 10 बच्चे बेचे गए। सीबीआई ने छापे के दौरान 5.5 लाख की नकदी, दस्तावेज सहित आपत्तिजनक सामान बरामद किया है।

देश के कई बड़े अस्पताल जांच के घेरे में
सीबीआई ने गिरफ्तार किए सात आरोपियों के अलावा 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि ये लोग बालकों की तस्करी के नटवर्क में शामिल है। इसके साथ ही देश के कई बड़े अस्पताल भी जांच के दायरे में आ गए हैं। जांच एजेंसी कई राज्यों में मामले की जांच कर रही है।

Hindi News / National News / दिल्ली में बच्चा तस्कर गैंग का भंडाफोड़, नवजात की कीमत 5 से 6 लाख

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.