bell-icon-header
राष्ट्रीय

9 जून को CM पद की शपथ ले सकते हैं चंद्रबाबू नायडू, आंध्र प्रदेश में चली NDA की आंधी

Andhra Pradesh: आंध्र प्रदेश के विधानसभा चुनाव के बाद एक बात तो तय हो गया है कि चंद्रबाबू नायडू चौथी बार सीएम बनने जा रहे हैं।

हैदराबादJun 04, 2024 / 03:12 pm

Prashant Tiwari

तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के अध्यक्ष एन. चंद्रबाबू नायडू 9 जून को आंध्र प्रदेश के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले सकते हैं। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी। मंगलवार को जारी मतगणना के रुझानों में 175 विधानसभा सीटों में से 157 पर टीडीपी के नेतृत्व वाला गठबंधन आगे है जबकि राजमुंदरी ग्रामीण सीट वह जीत चुकी है।
चौथी बार लेंगे सीएम पद की शपथ

पार्टी प्रमुख नायडू एक बार फिर आंध्र प्रदेश में सत्ता की बागडोर संभालने के लिए तैयार हैं। 74 वर्षीय नायडू चौथी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। वह 1995 से 2004 तक संयुक्त आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे थे। वह 2014 में विभाजन के बाद शेष आंध्र प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री भी बने, लेकिन 2019 में वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के हाथों टीडीपी को अपमानजनक हार झेलनी पड़ी।
आंध्र में चली नायडू की आंधी

पांच साल बाद सत्ता विरोधी लहर पर सवार होकर पार्टी ने वापसी की है। अभिनेता-राजनेता पवन कल्याण की जन सेना पार्टी (जेएसपी) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ उनके गठबंधन ने राज्य की राजनीति में पासा पलट दिया। टीडीपी ने 131 क्षेत्रों में स्पष्ट बढ़त के साथ अपने दम पर भारी बहुमत हासिल किया है। नायडू खुद कुप्पम निर्वाचन क्षेत्र से आगे चल रहे हैं जिसका वह 1989 से प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
Chandrababu Naidu can take oath as CM on June 9, NDA storm in Andhra Pradesh
नायडू के बेटे भी चल रहे आगे

नायडू के बेटे और टीडीपी महासचिव नारा लोकेश भी मंगलगिरी निर्वाचन क्षेत्र से आगे चल रहे हैं। पिछले चुनावों में लोकेश को इसी क्षेत्र से हार का सामना करना पड़ा था। नायडू के नेतृत्व वाली पार्टी 25 लोकसभा क्षेत्रों में से भी 16 पर आगे चल रही है। त्रिपक्षीय गठबंधन 21 सीटों पर आगे है। टीडीपी 2019 में सिर्फ 23 विधानसभा और तीन लोकसभा सीटें जीती थीं।
ये भी पढ़ें: Lok Sabha Election Result 2024: BJP का 400 पार का नारा फुस्स, इन राज्यों में पार्टी को लगा बड़ा झटका

Hindi News / National News / 9 जून को CM पद की शपथ ले सकते हैं चंद्रबाबू नायडू, आंध्र प्रदेश में चली NDA की आंधी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.