bell-icon-header
मुंबई

‘अभिषेक को नहीं छोड़ूंगा, खत्म कर दूंगा’, जानें कौन है मॉरिस भाई? पत्नी ने खोला राज

Abhishek Ghosalkar Firing: मॉरिस को कोरोना काल में लोगों की मदद करने के लिए सम्मानित किया गया था।

मुंबईFeb 09, 2024 / 06:44 pm

Dinesh Dubey

मॉरिस नोरोन्हा और अभिषेक घोसालकर (पत्नी के साथ)

Dahisar Firing Update: उद्धव ठाकरे गुट के नेता व पूर्व विधायक विनोद घोसालकर के बेटे अभिषेक घोसालकर की गुरुवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। अभिषेक घोसालकर बीएमसी के पार्षद रह चुके है, जबकि उनकी पत्नी तेजस्वी भी पार्षद थीं। 2017 के बीएमसी चुनावों में उनकी पत्नी तेजस्वी घोसालकर ने शिवसेना के टिकट पर वार्ड नंबर-1 से चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की थी। हालांकि अभिषेक जमीन पर सक्रीय रहे और स्थानीय लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे।
आपराधिक पृष्ठभूमि वाले मॉरिस नोरोन्हा (Morris Noronha) उर्फ मॉरिस भाई ने गुरुवार रात में दहिसर स्थित अपने ऑफिस में अभिषेक घोसालकर को एक समाजसेवी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बुलाया था। इस दौरान मॉरिस ने अभिषेक के साथ फेसबुक लाइव कर अपने पुराने आपसी विवाद को दूर करने का ऐलान किया। लेकिन तभी अचानक मॉरिस ने उद्धव गुट के नेता अभिषेक घोसालकर पर पांच गोलियां चला दी। कहा जा रहा है कि अभिषेक को तीन गोली लगी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद मॉरिस ने भी खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
यह भी पढ़ें

मॉरिस के पास नहीं था गन का लाइसेंस, दो अलग-अलग मामले दर्ज


कौन है मॉरिस भाई?

मॉरिस भाई मुंबई के दहिसर-बोरीवली इलाके में एक एनजीओ चलाता था। उस पर बलात्कार जैसे कई गंभीर आरोप लगे है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मॉरिस के खिलाफ हत्या, प्रताड़ना और धोखाधड़ी जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। हालांकि मॉरिस ने कोरोना काल में इलाके के लोगों की खूब मदद की थी, इसलिए उसे सम्मानित भी किया गया था।

हत्या के बाद खुदकुशी क्यों?

कथित तौर पर मॉरिस भी उसी इलाके से चुनाव लड़ना चाहता था, जहां से अभिषेक घोसालकर उद्धव गुट से टिकट चाहते थे। इसको लेकर उनमें लंबे समय से विवाद था। कुछ रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि अभिषेक और मॉरिस के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर भी विवाद था। एक मामले में जब मॉरिस जेल गया था तो, उसमें अभिषेक की भूमिका अहम थी। इसलिए मॉरिस उद्धव गुट के नेता से शत्रुता की भावना रखता था। मॉरिस को लगता था कि अभिषेक की वजह से उसे महीनों जेल में रहना पड़ा।
इस घटना से मुंबई में हड़कंप मच गया है। विपक्ष ने सरकार पर खूब आरोप लगाए थे। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट मामले की जांच कर रही है। करीब 7 घंटे तक घटनास्थल की जांच के बाद एक पिस्टल, जिंदा कारतूस और सीसीटीवी फुटेज बरामद किया गया है। मामले में दो लोगों को हिरासत में लेने की जानकारी सामने आ रही है।

मॉरिस की पत्नी का बड़ा खुलासा
इस हत्याकांड की जांच के लिए क्राइम ब्रांच की दो टीमें बनायीं गई है। मॉरिस की पत्नी का बयान दर्ज किया गया है। जिससे बड़े खुलासे हुए है। मॉरिस की पत्नी की गवाही से साफ है कि अभिषेक घोसालकर की हत्या और फिर सुसाइड की योजना पहले से बनायीं गयी थी।
मॉरिस की पत्नी ने क्राइम ब्रांच की यूनिट-11 के अधिकारियों के सामने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मॉरिस रेप के एक मामले में पांच महीने तक जेल में था। मॉरिस को लगता था कि अभिषेक घोसालकर ने ही उसे रेप केस में फंसाया है। वह कुछ दिन पहले ही जमानत पर जेल से छूटा था। इसको लेकर मॉरिस के मन में काफी गुस्सा था।
मॉरिस की पत्नी ने कहा, ”घर पर मॉरिस अक्सर कहा करता था कि मैं अभिषेक को नहीं छोड़ूंगा, मैं उसे खत्म कर दूंगा। मॉरिस की पत्नी द्वारा दी गई यह जानकारी जांच में अहम कड़ी साबित हो सकती है। जांच अधिकारी मॉरिस की पत्नी को फिर पूछताछ के लिए बुला सकते है।

दोस्ती के बहाने मारी 5 गोली, क्यों?

मॉरिस बोरीवली के आईसी कॉलोनी इलाके में एक सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में जाना जाता था। उसने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कई बड़े नेताओं के साथ तस्वीरें डाली है। स्थानीय लोगों की मानें तो दोनों के बीच लंबे समय से चली आ रही राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता इस हत्याकांड की वजह हो सकती है।
कुछ नेताओं का कहना है कि अभिषेक और मॉरिस के बीच स्थानीय राजनीति में वर्चस्व की लड़ाई चल रही थी, दोनों उद्धव गुट के टिकट पर चुनाव लड़ना चाहते थे। हालांकि, इस अनबन के बावजूद मॉरिस ने दोस्ती का हाथ बढ़ाने के बहाने अभिषेक को गुरुवार को अपने ऑफिस बुलाया और वारदात को अंजाम दिया।

कई गंभीर मामलों में आरोपी था मॉरिस

मृतक मॉरिस पर पहले से गंभीर मामले दर्ज है। उस पर 80 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। इसके अलावा उसके खिलाफ एक महिला के साथ बलात्कार और ब्लैकमेलिंग करने का भी मामला दर्ज है। खुद को सामाजिक कार्यकर्ता कहने वाले मॉरिस पर हत्या के दो आरोप लगे थे। इसके अलावा उसके खिलाफ धमकी देने का भी मामला दर्ज है।
दो साल पहले पुलिस ने एक 48 वर्षीय महिला की शिकायत के बाद बलात्कार, ब्लैकमेल, धोखाधड़ी और धमकी के आरोप में मॉरिस के खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया था। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया था।

Hindi News / Mumbai / ‘अभिषेक को नहीं छोड़ूंगा, खत्म कर दूंगा’, जानें कौन है मॉरिस भाई? पत्नी ने खोला राज

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.