bell-icon-header
मुंबई

Salman Khan Firing: ‘24 घंटे चुनावी मोड में सरकार, कानून-व्यवस्था हुई ध्वस्त’, भाईजान के घर फायरिंग से भड़के नेता

Salman Khan Firing: अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित आवास के बाहर फायरिंग के बाद महाराष्ट्र में सियासत गरमा गई है।

मुंबईApr 14, 2024 / 01:23 pm

Dinesh Dubey

अभिनेता सलमान खान के मुंबई के बांद्रा इलाके में स्थित घर ‘गैलेक्सी अपार्टमेंट’ के बाहर रविवार तड़के पांच बजे बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने पांच से छह राउंड गोलियां चलाई। हालांकि इस गोलीबारी में किसी को चोट नहीं आई है। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच मामले की छानबीन कर रही है। गोलीबारी के बाद पुलिस ने उनके आवास के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए है और आरोपियों की तलाश जारी है। उधर, चुनावी मौसम में भाईजान के घर पर फायरिंग से महाराष्ट्र में सियासी पारा हाई हो गया है।
अभिनेता सलमान खान के आवास के बाहर दो अज्ञात लोगों द्वारा गोलीबारी किए जाने के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सलमान खान से फोन पर बात की। सीएम ने मुंबई पुलिस कमिश्नर से भी चर्चा की है और खान की सुरक्षा बढ़ाने का निर्देश दिया है।
यह भी पढ़ें

Salman khan के घर फायरिंग करने वालों का वीडियो आया सामने, CCTV में हुए कैद

अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित आवास के बाहर फायरिंग पर शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने कहा, “पूरा पुलिस बल उनके सुरक्षा के लिए है…गृह मंत्री राजनीति में व्यस्त हैं लेकिन मुंबई की पुलिस तो राजनीति नहीं कर रही ना? कि वो भी उनके पीछे-पीछे राजनीति कर रहे हैं। सलमान खान के घर बाहर जो फायरिंग हुई है वो एक इशारा है। इस मुंबई में कभी भी और कहीं भी गोली चल सकती है।”
बीजेपी पर निशाना साधते हुए राज्यसभा सांसद राउत ने कहा, “राज्य में कानून व्यवस्था खतरे में है। गृहमंत्री कहां हैं? वह 24 घंटे चुनावी मोड में रहते हैं, कभी दिल्ली में किसी चुनाव प्रचार सभा में तो कभी अपने विरोधी को खत्म करने की साजिश में बैठे रहते हैं। कौन देखेगा कानून व्यवस्था?”
एनसीपी (शरद पवार) नेता सुप्रिया सुले ने कहा, “यह दुर्भाग्यपूर्ण है क्योंकि जिस क्षेत्र में सलमान खान रहते हैं वह एक लोकप्रिय क्षेत्र है और उनका परिवार स्पष्ट रूप से दबाव में है… यह गृह मंत्रालय की पूरी विफलता है। हम पुणे में रहते हैं और देखिए यहां क्या हो रहा है, यह एक बहुत ही शिक्षित जगह है जहां लोग शांति और सद्भाव से रहते हैं, लेकिन यहां भी अपराध बढ़ गया है।”
इस घटना पर राज्य के गृहमंत्री और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, ‘पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिक जानकारी आने दीजिये… अभी अटकलें लगाने का कोई मतलब नहीं है।”

बता दें कि पंजाब के कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की गैंग ने सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी है। अभिनेता को अभी ‘वाई-प्लस’ श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है।

Hindi News / Mumbai / Salman Khan Firing: ‘24 घंटे चुनावी मोड में सरकार, कानून-व्यवस्था हुई ध्वस्त’, भाईजान के घर फायरिंग से भड़के नेता

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.