bell-icon-header
मुंबई

मुंबई: बाइक सवार पुलिस कांस्टेबल के गले में फंसा मांजा, कटने से मौके पर ही मौत

Chinese Manja: मृतक पुलिस कांस्टेबल की पत्नी गृहिणी हैं और दंपति को दो बेटियां और एक बेटा हैं।

मुंबईDec 25, 2023 / 09:34 pm

Dinesh Dubey

मुंबई में पुलिसकर्मी के गले में फंसा चाइनीज मांजा, मौत

Mumbai Manja Accident: मुंबई में पतंग के मांझे की वजह से दर्दनाक हादसा हुआ है। गले में चाइनीज मांजा फसने के बाद शहर के डिंडोशी पुलिस स्टेशन में तैनात पुलिस कांस्टेबल समीर जाधव (37) की तड़प-तड़प कर मौत हो गई। यह भयानक हादसा रविवार को उस समय हुआ, जब जाधव ड्यूटी करने के बाद वापस घर लौट रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, डिंडोशी पुलिस स्टेशन के कांस्टेबल समीर सुरेश जाधव वर्ली बीबीडी चॉल में रहते थे। रविवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वह अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद मोटरसाइकिल पर घर जा रहे थे। सांताक्रूज़ पूर्व के वकोला ब्रिज पर अचानक पतंग उड़ाने वाली डोर (मांजा) उनके गले में फंस गयी और उनका गला कट गया। पतंग की डोर से गला कटते ही जाधव गिर गए।
यह भी पढ़ें

महाराष्ट्र: बाइक सवार शख्स और बच्चे के गले में फंसा मांजा, मौके पर ही मौत

खेरवाड़ी पुलिस के बीट मार्शल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिसकर्मी को सायन अस्पताल ले जाया गया। जांच के बाद डॉक्टरों ने जाधव को मृत घोषित कर दिया। खेरवाड़ी पुलिस ने बाद में जाधव के रिश्तेदारों को हादसे की सूचना दी। डिंडोशी पुलिस स्टेशन की एक टीम भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और छानबीन की।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक राहगीर ने घटना की सूचना खेरवाड़ी पुलिस को दी थी। जिसके बाद पुलिस का गश्ती दल मौके पर पहुंचा और जाधव को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस जांच कर रही हैं कि जाधव की मौत मांजा से हुई या किसी अन्य कारणों से।
मृतक पुलिस कांस्टेबल समीर जाधव की पत्नी गृहिणी हैं और दंपति को दो बेटियां और एक बेटा हैं। बड़ी बेटी 7 साल की है और दो जुड़वाँ बच्चे- एक लड़की और एक लड़का करीब तीन साल के हैं। जाधव के माता-पिता गांव में रहते हैं।

Hindi News / Mumbai / मुंबई: बाइक सवार पुलिस कांस्टेबल के गले में फंसा मांजा, कटने से मौके पर ही मौत

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.