scriptशिवसेना में शामिल हुए मिलिंद देवड़ा, आज ही कांग्रेस को कहा था अलविदा, उद्धव खेमे में टेंशन बढ़ी | Milind Deora joins Eknath Shinde Shiv Sena in Mumbai after leaving congress | Patrika News
मुंबई

शिवसेना में शामिल हुए मिलिंद देवड़ा, आज ही कांग्रेस को कहा था अलविदा, उद्धव खेमे में टेंशन बढ़ी

Milind Deora Joins Shiv Sena: मिलिंद देवड़ा के पिता मुरली देवड़ा कांग्रेस के बड़े नेता थे।

मुंबईJan 14, 2024 / 04:06 pm

Dinesh Dubey

milind_deora_in_shiv_sena.jpg

शिवसेना के बने मिलिंद देवड़ा

Milind Deora: महाराष्ट्र कांग्रेस को जोरदार झटका देने वाले दिग्गज नेता मिलिंद देवड़ा ने आखिरकार शिवसेना का दामन थाम लिया है। मुंबई में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में देवड़ा शिवसेना में शामिल हुए। पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा ने आज ही कांग्रेस पार्टी छोड़ी है। मिलिंद देवड़ा के पिता मुरली देवड़ा कांग्रेस के बड़े नेता थे।
कहा जा रहा है कि मिलिंद देवड़ा दक्षिण मुंबई लोकसभा सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन कांग्रेस यह सीट उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) को दे रही थी। जबकि लगातार दो बार यहां से परास्त हुए देवड़ा इस से सहमत नहीं थे। इसके बाद भी कांग्रेस के कुछ नेताओं ने दक्षिण मुंबई से लोकसभा के पूर्व सदस्य रहे देवड़ा से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया था। लेकिन उन्होंने आज कांग्रेस परिवार से 56 साल पुराना नाता खत्म कर दिया।
यह भी पढ़ें

‘भगवान राम का प्रकोप शुरू हो गया’, मिलिंद देवड़ा के इस्तीफे पर दो धड़ों में बंटी कांग्रेस

उन्हें हाल ही में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का संयुक्त कोषाध्यक्ष बनाया गया था। शिवसेना (अविभाजित) के अरविंद सावंत ने 2014 और 2019 के आम चुनाव में मिलिंद देवड़ा को हराया था। सावंत अब उद्धव ठाकरे गुट के साथ हैं।
कांग्रेस छोड़ने का ऐलान करते हुए मिलिंद देवड़ा ने आज ‘एक्स’ (ट्विटर) पर लिखा, ‘‘आज मेरी राजनीतिक यात्रा के एक महत्वपूर्ण अध्याय का समापन हुआ। मैंने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है और इसी के साथ पार्टी से मेरे परिवार का 55 साल पुराना रिश्ता खत्म हो गया है। मैं वर्षों तक अटूट समर्थन देने के लिए सभी नेताओं, सहकर्मियों और कार्यकर्ताओं का आभारी हूं।’’
पिछले कुछ दिनों से अटकलें लगायी जा रही थी कि कांग्रेस आलाकमान से नाखुश देवड़ा एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना में शामिल होंगे।

https://twitter.com/mieknathshinde/status/1746470692101734487?ref_src=twsrc%5Etfw

सियासी समीकरण कैसे बदला?

दक्षिण मुंबई लोकसभा सीट को कांग्रेस की झोली में डालने के लिए मिलिंद देवड़ा ने काफी कोशिशें कीं। उन्होंने कुछ दिन पहले दिल्ली जाकर आलाकमान से चर्चा करने की कोशिश की थी। लेकिन उन्हें मिलने का समय नहीं दिया गया। इससे पार्टी से उनकी नाराजगी बढ़ गई। आख़िरकार रविवार सुबह उन्होंने अपने इस्तीफ़े की घोषणा कर दी।
पहले से ही बीजेपी और शिवसेना (अविभाजित) गठबंधन में यह सीट शिवसेना के पास ही रही है। हालांकि इस निर्वाचन क्षेत्र में शिंदे के पास कोई तगड़ा उम्मीदवार नहीं है। जबकि उद्धव गुट के साथ खुद मौजूदा सांसद अरविंद सावंत है। लेकिन मिलिंद देवड़ा के पार्टी में आने से दक्षिण मुंबई में समीकरण काफी हद तक बदल गया है। शिंदे के पास अब देवड़ा के रूप में दमदार उम्मीदवार है।
2019 के विधानसभा चुनावों में दक्षिण मुंबई के छह निर्वाचन क्षेत्रों में से तीन पर शिवसेना के उम्मीदवारों ने जीत हासिल की थी। जिसमें से एक विधायक शिंदे सेना के साथ है। इस क्षेत्र के छह में से दो विधायक मंगल प्रभात लोढ़ा और राहुल नार्वेकर बीजेपी के हैं।इस बार बीजेपी भी दक्षिण मुंबई सीट पर दम भर रही है। ऐसे में शिंदे की शिवसेना मिलिंद देवड़ा को राज्यसभा में मौका दे सकती है।

Hindi News/ Mumbai / शिवसेना में शामिल हुए मिलिंद देवड़ा, आज ही कांग्रेस को कहा था अलविदा, उद्धव खेमे में टेंशन बढ़ी

ट्रेंडिंग वीडियो