bell-icon-header
मुंबई

मुंबई सी-लिंक पर मर्सिडीज और BMW की रेस! हुआ बड़ा हादसा, गैर इरादतन हत्या का प्रयास का मामला दर्ज

Mumbai Accident : मुंबई पुलिस ने मर्सिडीज और बीएमडब्ल्यू के चालक तारिक चौधरी और शाहबाज खान को गिरफ्तार कर लिया है।

मुंबईSep 16, 2024 / 05:24 pm

Dinesh Dubey

Bandra Worli Sea Link Accident : मुंबई के बांद्रा-वर्ली सी लिंक पर दो लक्जरी कारों के बीच कथित तौर पर रेस लगाने के चक्कर में भीषण हादसा हो गया। इस मामले में दोनों वाहनों के चालकों को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सौभाग्य से किसी को कोई गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन तीन गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं।
मुंबई में बांद्रा-वर्ली सी लिंक पर रविवार को कथित तौर पर रेस करते समय तेज़ रफ़्तार मर्सिडीज (Mercedes) कार और बीएमडब्ल्यू (BMW) कार एक कैब से टकरा गईं। कैब चालक ने आरोप लगाया है कि दोनों कारें एक दूसरे के साथ रेस कर रही थीं, तभी यह हादसा हुआ।
आर्थिक राजधानी मुंबई में रविवार सुबह हुए इस हादसे के कारण देश के पांचवें सबसे लंबे पुल बांद्रा-वर्ली सी लिंक पर ट्रैफिक जाम लग गया। 

यह भी पढ़ें

मुंबई: बांद्रा-वर्ली सी लिंक पर BJP नेता के बेटे की लेम्बोर्गिनी का एक्सीडेंट, गंभीर रूप से घायल, केस दर्ज

अधिकारियों ने बताया कि सुबह करीब 10:20 बजे सी लिंक पर रेसिंग के दौरान दोनों कारों ने नियंत्रण खो दिया और वैगनआर (Wagon R) कैब को पीछे से टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि कैब पलटकर दूसरे लें में चली गई। कैब में एक ही परिवार के चार लोग सवार थे।
पुलिस ने बीएमडब्ल्यू और मर्सिडीज के ड्राइवरों शाहबाज खान (31) और तारिक चौधरी (29) को गिरफ्तार कर लिया गया। खान (Sehbaz Khan) मुंबई सेंट्रल और चौधरी (Tariq Chaudhary) कुर्ला में रहता है। उनके खिलाफ गैर इरादतन हत्या के प्रयास और लापरवाही से गाड़ी चलाने (Rash Driving) का मामला दर्ज किया गया है।
रिपोर्ट्स की मानें तो कैब में सवार परिवार में 10 साल का बच्चा भी शामिल था। पुलिस ने बताया कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई। दुर्घटना में मर्सिडीज का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है, जबकि बीएमडब्ल्यू का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ।
पुलिस ने बताया कि मर्सिडीज ने अपने आगे चल रही बीएमडब्ल्यू को टक्कर मार दी, जो बाद में बांद्रा की ओर जा रही वैगनआर कैब से टकरा गई। कैब ड्राइवर निसार अहमद (26) ने शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Hindi News / Mumbai / मुंबई सी-लिंक पर मर्सिडीज और BMW की रेस! हुआ बड़ा हादसा, गैर इरादतन हत्या का प्रयास का मामला दर्ज

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.