bell-icon-header
मुंबई

महाराष्ट्र: अभी खत्म नहीं हुआ है मनोज जरांगे का मराठा आरक्षण आंदोलन! कुछ देर पहले किया बड़ा ऐलान

Maratha Reservation: मनोज जरांगे ने कहा है कि जब तक आखिरी मराठा को आरक्षण प्रमाणपत्र नहीं मिल जाता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।

मुंबईJan 28, 2024 / 07:48 pm

Dinesh Dubey

मराठा आंदोलन जारी रहेगा- मनोज जरांगे

Manoj Jarange On Maratha Andolan: मराठा आरक्षण की मांग को लेकर लंबे समय से आंदोलन करने वाले मनोज जरांगे पाटील ने कहा है कि अभी पूरी तरह से कामयाबी नहीं मिली है। इसलिए मराठा आंदोलन फ़िलहाल जारी रहेगा.राज्य सरकार द्वारा मराठा आरक्षण के संबंध में संशोधित अधिसूचना जारी करने के बाद शनिवार को जरांगे ने अपना आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की थी। लेकिन जालना पहुंचने के बाद मराठा आरक्षण कार्यकर्ता ने कहा कि मराठा आंदोलन समाप्त नहीं हुआ है, बल्कि स्थगित किया गया है। उन्होंने बड़ा ऐलान करते हुए कहा गया कि जब तक यह अध्यादेश कानून में तब्दील नहीं हो जाता और उस कानून के तहत मराठा आरक्षण का लाभ किसी को नहीं मिलता, तब तक मराठा आंदोलन इसी तरह जारी रहेगा।
मनोज जरांगे देर रात जालना स्थित अपने गांव अंतरवाली सराटी पहुंचे। आज सुबह उन्होंने मराठा समुदाय के साथ बैठक कर बड़ा फैसला लिया है। जरांगे ने कहा है कि भले ही सरकार ने उनके पक्ष में अध्यादेश पारित किया है, लेकिन उनका आंदोलन अभी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अगर नए कानून के तहत कम से कम एक व्यक्ति को लाभ मिलता है, तो हम तय करेंगे कि इस आंदोलन का आगे क्या करना है। मराठा समाज इस आंदोलन के प्रति उदासीन नहीं रहेगा। जिसका कुनबी रिकार्ड मिल गया है। उन्हें इसका लाभ मिलना चाहिए और उनके निकटतम परिवार के सदस्यों को भी सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के आधार पर प्रमाण पत्र मिलना चाहिए। यह होने तक मराठा आंदोलन जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें

पुणे में IT इंजीनियर युवती की गोली मारकर हत्या, ओयो होटल में मिला शव, बॉयफ्रेंड गिरफ्तार

रविवार को हुई बैठक के बाद मनोज जरांगे ने बड़ा ऐलान किया है कि जब तक अध्यादेश को कानून में तब्दील कर लागू नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा है कि वह सोमवार को रायगढ़ जाएंगे और छत्रपति शिवाजी महाराज की समाधि के दर्शन करेंगे।
मराठा आरक्षण की मांग को लेकर अगस्त से लगातार आंदोलन कर रहे जरांगे ने स्पष्ट कहा कि जब तक आखिरी मराठा को आरक्षण प्रमाणपत्र नहीं मिल जाता, तब तक वह संघर्ष जारी रखेंगे।

मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे ने महाराष्ट्र सरकार द्वारा उनकी मांगें मान लिये जाने के बाद शनिवार को अपना अनिश्चितकालीन उपवास खत्म कर दिया था। उनसे मिलने खुद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे वाशी गए थे। इस दौरान सीएम शिंदे ने घोषणा की थी कि जब तक मराठों को आरक्षण नहीं मिल जाता है, तब तक उन्हें ओबीसी को मिल रहे सभी लाभ मिलेंगे। कृषक समुदाय ‘कुनबी’ ओबीसी के अंतर्गत आता है और जरांगे भी सभी मराठों के लिए कुनबी प्रमाणपत्र मांग रहे है।
उधर, डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने ओबीसी समाज की चिंताओं को दूर करने की कोशिश की है। वरिष्ठ बीजेपी नेता फडणवीस ने कहा है कि मराठों को बिना सबूत कुनबी प्रमाणपत्र नहीं दिया जाएगा। दरअसल महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री छगन भुजबल और केंद्रीय मंत्री नारायण राणे ने शिंदे सरकार के इस फैसले पर असंतोष जताया है और कहा है कि यह अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के साथ अन्याय है।

Hindi News / Mumbai / महाराष्ट्र: अभी खत्म नहीं हुआ है मनोज जरांगे का मराठा आरक्षण आंदोलन! कुछ देर पहले किया बड़ा ऐलान

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.