bell-icon-header
मुंबई

Maharashtra Weather: अब बढ़ेगी ठंड! पहाड़ों पर बर्फबारी से बदला मौसम का मिजाज, मुंबई को राहत नहीं

Maharashtra Weather Update: दिसंबर के मध्य के बाद मुंबई और कोंकण इलाकों में ठंड पड़नी शुरू होगी।

मुंबईNov 14, 2023 / 11:28 am

Dinesh Dubey

मुंबई में 16.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज

Maharashtra Winter Season: महाराष्ट्र में ठंड का जोर बढ़ने की आशंका है। मौसम विभाग का अनुमान है कि राज्य में अब बारिश नहीं होगी। अरब सागर के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण पिछले सप्ताह राज्य में बादल छाए रहे और कई हिस्सों में बारिश हुई। हालांकि, अब बादल हटने के बाद सर्दी लौट आई है और दिन में भी ठंड महसूस होने लगी है। नवंबर के अंत तक प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है।
जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी के कारण उत्तर से आने वाली ठंडी हवाएं महाराष्ट्र में भी सक्रिय हो गई हैं। इससे राज्य में बादल छाए रहने की उम्मीद बेहद कम हो गयी है और जल्द ही ठंड बढ़ने का अनुमान है। इस बढ़ती ठंड का रबी सीजन की फसलों पर अच्छा असर पड़ेगा। गेहूं, चने की फसल को बड़ी राहत मिलेगी। हालांकि मुंबई को नवंबर के अंत तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है।
यह भी पढ़ें

मुंबई में सांस लेना हुआ दूभर! 24 घंटे में फूटे 150 करोड़ के पटाखे, आसमान में छाई जहरीली धुंध

औरंगाबाद में सबसे ज्यादा ठंडी!

पुणे शहर का सोमवार को न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस बीच न्यूनतम तापमान अभी भी औसत से ऊपर बना हुआ है। हालांकि आगामी दिनों में उत्तरी महाराष्ट्र में पारा लुढकने की उम्मीद हैं।
राज्य में सबसे कम तापमान औरंगाबाद में 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, कोंकण में अधिकतम तापमान औसत से ऊपर बना हुआ है। विदर्भ में न्यूनतम तापमान औसत से थोड़ा नीचे है।

मुंबई को राहत कब?

नवंबर के आधा बीत जाने के बाद भी मुंबई में गर्मी कम नहीं हुई है। मुंबईकरों को दिन निकलने के बाद से ही गर्मी का प्रकोप झेलना पड़ रहा है। रविवार और सोमवार दोनों दिन मुंबई का अधिकतम तापमान 36 डिग्री से ऊपर था। फिलहाल इस गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। अनुमान है कि दिसंबर के मध्य के बाद मुंबई और कोंकण इलाकों में ठंड पड़नी शुरू होगी।
सोमवार को मुंबई के सांताक्रूज़ मौसम केंद्र पर अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कोलाबा केंद्र पर अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को मुंबई का न्यूनतम तापमान भी अधिक रहा। कोलाबा में न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस जबकि सांताक्रूज में 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोलाबा में न्यूनतम तापमान औसत से 2.6 डिग्री और सांताक्रूज में 2.1 डिग्री ऊपर था।

Hindi News / Mumbai / Maharashtra Weather: अब बढ़ेगी ठंड! पहाड़ों पर बर्फबारी से बदला मौसम का मिजाज, मुंबई को राहत नहीं

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.